ड्रग इंस्पेक्टर इंस्पेक्टर अनीता भारती ने रिश्वत मांगने के आरोपों को बताया निराधार








Listen to this article

हरिद्वार।
प्राइड फार्मा कंपनी के प्रतिनिधि रमेश मैठाणी और युवा कांग्रेस जिलाध्यक्ष कैश खुराना ने ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती पर दवा निर्माण लाइसेंस के नाम पर रिश्वत मांगने के गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने बताया कि लाइसेंस के लिए ऑनलाइन आवेदन के बाद उन्हें शिवालिक नगर स्थित कार्यालय बुलाया गया, जहां दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करवाने के बाद व्हाट्सएप के माध्यम से 15 हजार रुपये की मांग की गई।
आरोप है कि पहले 10 हजार रुपये एक खाते में जमा कराए गए, इसके बाद 5 हजार रुपये और मांगे गए। साथ ही एक अन्य नंबर से 6 हजार रुपये की अतिरिक्त मांग की गई, जिसमें से 5 हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। उन्होंने यह भी दावा किया कि लाइसेंस प्रक्रिया के दौरान अलग-अलग बहानों से कई बार पैसे लिए गए और कुल मिलाकर लाखों रुपये वसूले गए।
कंपनी प्रतिनिधियों और कांग्रेस नेता केश खुराना ने प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच, ड्रग इंस्पेक्टर को तत्काल निलंबित करने और उनकी संपत्ति की जांच कराने की मांग की है। उनका कहना है कि अनीता भारती लंबे समय से यहां तैनात हैं।
हालांकि इस मामले में ड्रग इंस्पेक्टर अनीता भारती ने बताया कि एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल किया जा रहा है, जिसमें मुझ पर कुछ झूठे और भ्रामक आरोप लगाए गए हैं। यह पूरा मामला स्टेशनरी सामान से संबंधित है, जिसकी वास्तविकता तथ्यों के साथ शीघ्र ही प्रस्तुत की जाएगी। बिना सत्यापन के इस प्रकार की भ्रामक जानकारी प्रसारित करना उचित नहीं है। अतः सभी से अनुरोध है कि किसी भी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले आधिकारिक तथ्यों की प्रतीक्षा करें।