डीएवी पब्लिक स्कूल देहरादून में उत्साह के साथ मनाया गया स्नातक समारोह








Listen to this article

न्यूज 127.
डीएवी पब्लिक स्कूल, डिफेंस कालोनी देहरादून में यूकेजी कक्षा के बच्चों के लिए स्नातक समारोह पूरे उत्साह के साथ मनाया गया। यूकेजी के इन नन्हे-मुन्ने बच्चों द्वारा शैक्षिक सत्र (2025-26) को उत्कृष्ट रूप से पूर्ण करने के पश्चात आगामी सत्र में प्रवेश पाने की तैयारी के रूप में इस स्नातक समारोह का विशेष आयोजन किया गया।

इस अवसर पर बच्चों का उत्साहवर्धन करने हेतु मुख्य अतिथि के रूप में सुश्री पूनम कालरा के साथ -साथ विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया तथा शिक्षिकाओं सहित बच्चों के अभिभावक उपस्थित रहे। भारतीय परंपरा का निर्वाह करते हुए माननीय प्रधानाचार्या जी के द्वारा पौधा भेंट कर मुख्य अतिथि जी का स्वागत किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ इस मंगल कामना को हृदय में रखकर किया गया कि हमारे विद्यार्थी भविष्य में अपने ज्ञान, संस्कार और परिश्रम से विद्यालय, परिवार एवं राष्ट्र का नाम गौरवान्वित करेंगे।

कार्यक्रम की श्रृंखला को आगे बढ़ाते हुए एक ओर जहांँ एलकेजी कक्षा के छात्र अभी राणा ने भारतीय वैदिक संस्कृति का निर्वाह करते हुए श्लोक का गायन किया वहीं दूसरी ओर कक्षा एक की छात्रा रक्षिता ने गणेश वंदना पर अपनी शास्त्रीय नृत्य की सुंदर प्रस्तुति द्वारा सभी को विस्मित कर दिया। कक्षा यूकेजी के ही बच्चों द्वारा अपनी शिक्षिकाओं के प्रति प्रेम एवं आभार व्यक्त करते हुए अनेक हृदय स्पर्शी गीत गाए गए।

कार्यक्रम के अंत में छोटे बाल कलाकार आध्या पुष्पवान द्वारा पहाड़ी नृत्य की धमाकेदार प्रस्तुति दी गई। बच्चों के खिले-खिले चेहरों पर छाए प्रसन्नता के भावों को देख सभी अभिभावक पुलकित एवं रोमांचित हो उठे।

बच्चों के इस शानदार प्रस्तुतीकरण ने पूरे माहौल को उत्साह, उमंग एवं नवीन स्फूर्ति से सराबोर कर दिया। इस कार्यक्रम की विशेष बात यह रही कि कक्षा यूकेजी के प्रत्येक विद्यार्थी को अनंत विद्या, अनमोल रत्न, उगता सूरज, दीप्तिमान विचारक, असाधारण नृत्यांगना, नन्ही अन्वेषक, नेतृत्व प्रकाशमान जैसी अनेक उपाधियांँ प्रदान की गई। मुख्य अतिथि ने बच्चों की उपलब्धियों पर उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने अभिभावकों को संबोधित करते हुए कहा कि उज्ज्वल भविष्य की नींव वर्तमान में ही रखी जाती है। इस नींव को सुदृढ़ एवं सकारात्मक बनाने के लिए आवश्यक है कि हम अपने बच्चों की प्रत्येक गतिविधि पर सतर्क एवं संवेदनशील दृष्टि रखें।

उन्होंने आगे कहा कि हमारा उद्देश्य विद्यार्थियों को शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनाना है। इसके लिए अभिभावकों और शिक्षकों का समन्वित प्रयास अत्यंत आवश्यक है। जब दोनों मिलकर सहयोगपूर्वक कार्य करेंगे, तभी बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव हो सकेगा।