न्यूज 127, मेरठ।
कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के लाला मोहम्मदपुर स्थित एक मैदान में सोमवार सुबह एक युवक का खून से लथपथ शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हमलावरों ने युवक की ईंट से वार कर निर्मम हत्या की। शव के पास ही खून से सनी ईंट भी पड़ी मिली। जबकि पास ही उसकी बाइक भी खड़ी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच पड़ताल शुरू कर दी।
घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की पहचान विपिन (36) पुत्र कुंवरपाल गोविंदपुरी, कंकरखेड़ा के रूप में की। मौके पर पहुंची कंकरखेड़ा थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस को शव के पास मृतक की मोटरसाइकिल भी पड़ी मिली है। युवक के सिर और शरीर पर गंभीर चोटों के निशान पाए गए हैं। घटनास्थल पर खून से सनी ईंटें मिलने के बाद आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने ईंटों से हमला कर उसकी हत्या की है। सूचना मिलते ही मृतक के परिजन भी मौके पर पहुंच गए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और मृतक की कॉल डिटेल समेत उसके संपर्कों की भी जांच कर रही है। प्रथम दृष्टया मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। हत्या का शक मृतक के दोस्त पर जताया जा रहा है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। कंकरखेड़ा पुलिस ने घटना का जल्द खुलासा करने का दावा किया है।
कंकरखेड़ा में खून से लथपथ मिला युवक का शव




