न्यूज 127, हरिद्वार।
अंतरराष्ट्रीय योग दिवस 2026 के अवसर पर एस.एम. पब्लिक स्कूल, हरिद्वार में योग एवं स्वास्थ्य जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक योग शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने पूरे उत्साह और ऊर्जा के साथ सहभागिता की।

योग शिविर के दौरान रूपाली चौधरी एवं आकाश शर्मा के मार्गदर्शन में प्रतिभागियों को सूर्य नमस्कार, ताड़ासन, वृक्षासन सहित विभिन्न योगासनों का अभ्यास कराया गया। इसके साथ ही अनुलोम-विलोम एवं कपालभाति जैसे प्राणायाम भी करवाए गए। ध्यान के माध्यम से मानसिक शांति एवं एकाग्रता के महत्व पर भी विशेष रूप से जानकारी दी गई।

विद्यालय प्रबंधन ने अपने संबोधन में कहा कि योग स्वस्थ जीवनशैली का महत्वपूर्ण आधार है तथा विद्यार्थियों के शारीरिक एवं मानसिक विकास में इसकी अहम भूमिका होती है। विद्यालय सदैव विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध रहा है।
इस अवसर पर प्रधानाचार्य रमणीक सहसूद, उप-प्रधानाचार्य श्रीमती रेखा शर्मा, स्कूल कोऑर्डिनेटर सोनीका गुलाटी, राहुल ठाकुर, नितिन शर्मा, सौरव खुराना सहित विद्यालय के अन्य शिक्षक एवं स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी को नियमित रूप से योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संकल्प दिलाया गया।




