न्यूज 127, श्रीनगर।
हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल विश्वविद्यालय के चौरास परिसर स्थित प्रेक्षागृह में आयोजित ‘मुख्यमंत्री युवा विद्यार्थी मंथन’ कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशभर के विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ विषय पर आयोजित कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने पलायन, रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपने विचार और सुझाव साझा किए।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आज के विद्यार्थी ही कल के उत्तराखंड और भारत का नेतृत्व करेंगे। युवाओं की सोच और ऊर्जा विकसित उत्तराखंड की दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है। उन्होंने बताया कि ‘मेरे सपनों का उत्तराखंड’ अभियान के तहत प्रदेशभर से 2,67,744 विद्यार्थियों ने अपने निबंध और विचार भेजे हैं।
संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने पहाड़ों से पलायन और रोजगार के सीमित अवसरों की समस्या उठाई। मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और रोजगार के लिए बाहर जाना हमेशा नकारात्मक नहीं है, लेकिन सरकार का प्रयास है कि पहाड़ों में ही बेहतर अवसर उपलब्ध हों। उन्होंने कहा कि प्रदेश में 500 से अधिक स्मार्ट क्लास संचालित किए जा रहे हैं और रिवर्स माइग्रेशन भी हो रहा है।
नौकरी तलाशने के बजाय नौकरी देने का लक्ष्य रखें युवा
मुख्यमंत्री ने युवाओं का आह्वान किया कि वे केवल नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनने का लक्ष्य रखें। उन्होंने कहा कि कौशल विकास, तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में युवाओं को आगे बढ़ाने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।
विद्यार्थियों ने सरकारी स्कूलों और अस्पतालों की स्थिति सुधारने, गांवों तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, हेलीकॉप्टर एंबुलेंस, कौशल विकास प्रशिक्षण तथा पर्यटन को स्थानीय रोजगार से जोड़ने के सुझाव दिए। मुख्यमंत्री ने सभी सुझावों को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि विकसित भारत का निर्माण तभी संभव है, जब प्रत्येक गांव, जिला और राज्य विकास की मुख्यधारा से जुड़े।
मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशे से दूर रहकर अपनी ऊर्जा सकारात्मक दिशा में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 का भारत और उत्तराखंड युवाओं के सपनों, संकल्प और मेहनत से आकार लेगा।
कार्यक्रम में छात्रा अदिति गौतम ने मुख्यमंत्री को चित्रकृति भेंट की। बेहतर सहभागिता के लिए नोडल अधिकारी शिक्षक अंकुश तथा रुद्रप्रयाग में शत-प्रतिशत भागीदारी सुनिश्चित करने पर जिलाधिकारी विशाल मिश्रा को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, एसएसपी श्वेता चौबे, मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल सहित विद्यार्थी, शिक्षक और अधिकारी मौजूद रहे।








