बहादराबाद में बाइक मैकेनिक की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या










Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
बहादराबाद क्षेत्र में बाइक मैकेनिक की दुकान पर पहुंचे दो बेखौफ बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर मैकेनिक की निर्मम हत्या कर दी। कई गोलियां लगने से मैकेनिक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। दिनदहाड़े हुई इस दुस्साहसिक वारदात से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शांतरशाह गांव निवासी हैप्पी बहादराबाद-शांतरशाह मार्ग पर बाइक मैकेनिक की दुकान चलाता था। जब वह अपनी दुकान पर काम कर रहा था, तभी अचानक दो अज्ञात बदमाश वहां पहुंचे। इससे पहले कि हैप्पी कुछ समझ पाता, बदमाशों ने पिस्टल निकालकर उस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई ताबड़तोड़ गोलियों की आवाज से आसपास के बाजार में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।

घटना की सूचना मिलते ही बहादराबाद थानाध्यक्ष अमरजीत सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का बारीक निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से घटना के संबंध में जानकारी जुटाई।

पुलिस हत्या के कारणों का पता लगाने में जुटी है। पुरानी रंजिश समेत सभी संभावित बिंदुओं पर गहनता से जांच की जा रही है। बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का सुराग लगाने के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। जिलेभर में नाकेबंदी कर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही मामले का पर्दाफाश कर आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजा जाएगा।