पल्लवपुरम में सीवर ट्रीटमेंट प्लांट से क्लोरीन गैस लीक, कई लोगों की बिगड़ी तबीयत










Listen to this article

न्यूज 127, मेरठ।
थाना पल्लवपुरम क्षेत्र के फेज-2 में स्थित सीवर ट्रीटमेंट प्लांट (एसटीपी) में अचानक गैस रिसाव से हड़कंप मच गया। गैस लीक होते ही आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हवा में क्लोरीन गैस फैलने के कारण पास की कॉलोनी के निवासियों की तबीयत बिगड़ने लगी। लोगों ने आंखों में तेज जलन, दम घुटने और लगातार खांसी होने की शिकायत की।

पुलिस ने कराए आसपास के मकान खाली
घटना की सूचना मिलते ही थाना पल्लवपुरम पुलिस और नगर निगम की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एसपी सिटी विनायक भोंसले भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और कमान संभाली। एहतियात के तौर पर पुलिस ने लाउडस्पीकर के जरिए मुनादी (अनाउंसमेंट) करवाकर पल्लवपुरम फेज-2 क्षेत्र की प्रभावित कॉलोनी को तुरंत खाली कराया, ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके।

राहत व बचाव कार्य जारी
नगर निगम की तकनीकी टीम और दमकल विभाग के कर्मचारी मौके पर मुस्तैद हैं तथा गैस लीकेज के स्रोत को बंद करने के प्रयास में जुटे हुए हैं। पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीमों ने प्रभावित लोगों को तुरंत प्राथमिक उपचार और एंबुलेंस की सहायता से नजदीकी अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की है।

एसपी सिटी विनायक भोंसले ने बताया कि स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम राहत कार्य कर रही है। गैस रिसाव के कारणों की जांच की जा रही है। फिलहाल पहली प्राथमिकता प्रभावित क्षेत्र के लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाना और लीकेज को पूरी तरह से बंद करना है। प्रशासन ने स्थानीय निवासियों से न घबराने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की अपील की है।