अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता 30-31 अक्टूबर को, एचईसी संस्थान करेगा मेजबानी




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार।
श्रीदेव सुमन उत्तराखण्ड विश्वविद्यालय की अंतर महाविद्यालय एथलेटिक्स प्रतियोगिता आगामी 30 एवं 31 अक्टूबर 2026 को हरिद्वार के वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित की जाएगी। इस वर्ष प्रतियोगिता की मेजबानी का जिम्मा एचईसी (HEC) ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स, हरिद्वार को सौंपा गया है। दो दिवसीय इस खेल महाकुंभ में गढ़वाल मंडल के विभिन्न महाविद्यालयों की टीमें और खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।

प्रतियोगिता को सफलतापूर्वक संपन्न कराने के उद्देश्य से सोमवार को आयोजक संस्थान एवं विश्वविद्यालय के उच्च अधिकारियों ने वंदना कटारिया स्टेडियम का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान खेल स्पर्धाओं के सुचारू संचालन, मैदान की व्यवस्थाओं और खिलाड़ियों की सुविधाओं को लेकर विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई।

निरीक्षण के दौरान श्रीदेव सुमन वि.वि. के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़, क्रीड़ा परिषद सदस्य अनिल सिंह तोमर, HEC ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशन्स के चेयरमैन संदीप चौधरी, जिला खेल अधिकारी रविन्द्र भंडारी, क्रीड़ा प्रभारी उमराव सिंह, तारा सिंह तथा स्टेडियम के एथलेटिक्स कोच मुकेश शर्मा मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

चेयरमैन संदीप चौधरी एवं विश्वविद्यालय के क्रीड़ा सचिव पुष्कर गौड़ ने बताया कि प्रतियोगिता के सफल संचालन के लिए तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। आयोजन के माध्यम से गढ़वाल मंडल के होनहार एथलीटों को विश्वविद्यालय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का एक बेहतरीन मंच मिलेगा।