न्यूज 127, हरिद्वार।
बाल दिवस के अवसर पर हरिद्वार यातायात पुलिस ने बच्चों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने की अनूठी पहल की। जवाहरलाल नेहरू युवा केंद्र में आयोजित यातायात जागरूकता कार्यक्रम में विभिन्न विद्यालयों के करीब 400 छात्र-छात्राओं ने प्रतिभाग किया। इस दौरान बच्चों को यातायात नियमों की जानकारी देने के साथ सुरक्षित सफर का संदेश दिया गया।
कार्यक्रम में यातायात पुलिस के अधिकारियों ने बच्चों को सड़क पार करने के सुरक्षित तरीके, रेड लाइट और ट्रैफिक सिग्नल का पालन, पैदल यात्रियों के लिए जरूरी नियम तथा हेलमेट और सीट बेल्ट की उपयोगिता के बारे में विस्तार से बताया। बच्चों को समझाया गया कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी बड़े हादसे का कारण बन सकती है। उन्हें स्वयं यातायात नियमों का पालन करने और अपने परिवारजनों व आसपास के लोगों को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। यातायात नियमों का पालन करके न केवल अपना, बल्कि दूसरों का जीवन भी सुरक्षित रखा जा सकता है। बच्चों को सड़क सुरक्षा का संदेशवाहक बताते हुए अधिकारियों ने उनसे अपने परिजनों और आमजन को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने की अपील की।
यातायात मुख्यालय के निर्देश पर आयोजित यह कार्यक्रम एसएसपी एवं एसपी यातायात निशा यादव के निर्देशन तथा सीओ यातायात विपेंद्र कुमार के पर्यवेक्षण में संपन्न हुआ। यातायात निरीक्षक संदीप सिंह नेगी और सीपीयू उपनिरीक्षक नीरज मेहरा ने बच्चों को यातायात संबंधी महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।
कार्यक्रम के माध्यम से यातायात पुलिस ने अभिभावकों से भी अपील की कि वे बचपन से ही बच्चों को सड़क सुरक्षा का महत्व समझाएं और स्वयं भी यातायात नियमों का पालन कर उनके सामने उदाहरण प्रस्तुत करें। पुलिस का कहना है कि जागरूक बच्चे ही भविष्य में जिम्मेदार नागरिक बनकर सड़क सुरक्षा का संदेश समाज तक पहुंचाएंगे।


