प्रवासी उत्तराखण्डियों के अनुभव और सामर्थ्य से विकास को मिलेगी नई गति: मुख्यमंत्री




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डी राज्य की अमूल्य निधि हैं। उनकी प्रतिभा, अनुभव, तकनीकी ज्ञान, संसाधन और सामर्थ्य का उपयोग प्रदेश के विकास को नई गति दे सकता है। प्रवासी उत्तराखण्डियों का अपनी मातृभूमि, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ाव राज्य की सबसे बड़ी ताकत है। सरकार चाहती है कि प्रवासी समाज प्रदेश की विकास यात्रा में सक्रिय भागीदार बने।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शुक्रवार को दून विश्वविद्यालय, केदारपुरम में आयोजित तृतीय प्रवासी उत्तराखण्डी सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों से पहुंचे प्रवासी उत्तराखण्डियों का स्वागत करते हुए कहा कि सम्मेलन में ऐसा महसूस हो रहा है, मानो एक ही परिवार के सदस्य लंबे समय बाद अपने घर में एकत्र हुए हों। उन्होंने कहा कि भौगोलिक दूरियां भले ही लोगों को अपनी जन्मभूमि से दूर कर दें, लेकिन अपनी मिट्टी और संस्कृति से भावनात्मक जुड़ाव हमेशा बना रहना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने अपने पैतृक गांवों को गोद लेकर उनके विकास में योगदान देने की पहल करने वाले 30 प्रवासी उत्तराखण्डियों का विशेष आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह पहल अपनी मातृभूमि के प्रति प्रेम और सामाजिक जिम्मेदारी का अनुकरणीय उदाहरण है। इससे अन्य प्रवासी भी अपने गांवों के विकास के लिए आगे आने को प्रेरित होंगे।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने प्रदेश की विकास उपलब्धियां गिनाते हुए कहा कि उत्तराखण्ड ने बीते वर्षों में विकास के विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रगति की है। राज्य का बजट और प्रति व्यक्ति आय बढ़ी है। प्रदेश में समान नागरिक संहिता लागू की गई है तथा नकल विरोधी सख्त कानून के माध्यम से भर्ती प्रक्रियाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित की गई है। पिछले पांच वर्षों में 35 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी दी गई है। वहीं, 13 हजार एकड़ से अधिक सरकारी भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है।

उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए सरकार निरंतर प्रयास कर रही है। प्रदेश में 3.5 लाख महिलाएं लखपति दीदी बन चुकी हैं। इन्हें प्रोत्साहित करने के लिए जल्द ही प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। अतिथि शिक्षकों, आंगनबाड़ी एवं आशा कार्यकत्रियों तथा भोजन माताओं के मानदेय में भी जल्द वृद्धि की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि कृषि एवं बागवानी को रोजगार और स्वरोजगार का मजबूत माध्यम बनाने के लिए एप्पल मिशन, कीवी मिशन और तिमूर मिशन जैसी योजनाएं संचालित की जा रही हैं। स्थानीय उत्पादों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय पहचान दिलाने के लिए शुरू किए गए हाउस ऑफ हिमालयाज ब्रांड के माध्यम से छह करोड़ रुपये से अधिक की बिक्री हो चुकी है। इससे किसानों, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय उद्यमियों को नए अवसर मिल रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में सड़क, रेल और हवाई संपर्क सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है। देहरादून की आगामी 50 वर्षों की पेयजल जरूरतों को पूरा करने के लिए सौंग बांध परियोजना पर काम हो रहा है। जमरानी और लखवाड़ बांध परियोजनाओं को भी आगे बढ़ाया जा रहा है, जबकि किशाऊ बांध परियोजना के लिए समझौता ज्ञापन हो चुका है।

उन्होंने किच्छा में एम्स के सैटेलाइट सेंटर की स्थापना, पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार और प्रदेश में हेलीपोर्ट निर्माण की दिशा में हो रहे कार्यों का भी उल्लेख किया। कहा कि प्रमुख शहरों और पर्यटन स्थलों को हेली सेवाओं से जोड़ने से पर्यटन, तीर्थाटन और आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा।

मुख्यमंत्री ने प्रवासी उत्तराखण्डियों से शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, बागवानी, पर्यटन, उद्यमिता और स्वरोजगार के क्षेत्र में अपने अनुभव एवं विशेषज्ञता का योगदान देने की अपील की। उन्होंने कहा कि सरकार योजनाएं बना सकती है और उनके क्रियान्वयन में समन्वय स्थापित कर सकती है, लेकिन विकास की व्यापकता और समृद्धि समाज के सभी वर्गों की सामूहिक भागीदारी से ही संभव है।

पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी ने कहा कि राज्य गठन के समय दूरस्थ गांवों तक पहुंचना कठिन था, लेकिन आज सड़क संपर्क का काफी विस्तार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के प्रयासों से लिपुलेख तक सड़क संपर्क विकसित हुआ है। उन्होंने कहा कि प्रवासी उत्तराखण्डियों का अपनी जड़ों की ओर लौटना सुखद संकेत है।

पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक ने उत्तराखण्ड की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए कहा कि वेद, पुराण, उपनिषद, संस्कृत, योग और आयुर्वेद की समृद्ध परंपराओं ने इस भूमि को विश्व में विशिष्ट पहचान दिलाई है। विधायक विनोद चमोली ने प्रवासियों से अपने पैतृक गांवों में घर बनाने और गांवों से निरंतर जुड़ाव बनाए रखने की अपील की। उन्होंने रिवर्स पलायन को प्रोत्साहन मिलने की बात कही।

मुख्य सचिव आनन्द बर्द्धन ने प्रवासी उत्तराखण्डियों को राज्य का वास्तविक ब्रांड एंबेसडर बताते हुए कहा कि उनका तकनीकी ज्ञान, उद्यमशीलता और निवेश विकसित उत्तराखण्ड के संकल्प को गति दे सकता है। उन्होंने बताया कि प्रवासियों से संवाद और उनकी सहभागिता सुनिश्चित करने के लिए अक्टूबर 2022 में प्रवासी उत्तराखण्ड प्रकोष्ठ तथा अप्रैल 2025 में मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में प्रवासी उत्तराखण्ड परिषद का गठन किया गया है। प्रवासियों के पंजीकरण और सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए वेबसाइट भी विकसित की गई है।

सम्मेलन में कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी, दिल्ली विधानसभा के उपाध्यक्ष मोहन सिंह बिष्ट, विधायक किशोर उपाध्याय, प्रसार भारती के अध्यक्ष प्रसून जोशी, भारत सरकार के सचिव सुधांश पंत, अभिनेत्री हिमानी शिवपुरी, अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी चित्रांशी रावत, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।