कुंभ-2027: सात अस्थाई पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने के मेलाधिकारी ने दिये निर्देश




Listen to this article

न्यूज 127, हरिद्वार
कुंभ मेला-2027 के आयोजन को लेकर मेला प्रशासन ने तैयारियों को और तेज कर दिया है। स्थाई निर्माण कार्यों के साथ अस्थाई व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा करने के लिए अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं पर निगरानी बढ़ा दी गई है। मेलाधिकारी सोनिका ने सोमवार को सीसीआर सभागार में विभिन्न विभागों एवं कार्यदायी संस्थाओं के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर स्पष्ट निर्देश दिए कि अब निर्माण कार्यों में किसी भी स्तर पर देरी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मेलाधिकारी ने विभागवार कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए श्रमिकों की संख्या बढ़ाने और आवश्यकता के अनुसार दिन-रात निर्माण कार्य संचालित करने को कहा। उन्होंने मेला क्षेत्र के सभी सेक्टरों में शिविर स्थलों, संपर्क मार्गों, बिजली, पेयजल, शौचालय और अन्य मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि जिन निर्माण स्थलों पर काम पूरा हो चुका है अथवा अंतिम चरण में है, वहां से निर्माण सामग्री और मलबा तत्काल हटाया जाए। सड़कों और सार्वजनिक स्थलों पर मलबा अथवा निर्माण सामग्री पाए जाने पर संबंधित कार्यदायी संस्था के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। निर्माण कार्य पूरा होने के बाद स्थल की साफ-सफाई और व्यवस्थित स्थिति सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी भी संबंधित संस्था की होगी।

मेलाधिकारी ने सेक्टरों में अस्थाई व्यवस्थाओं की निगरानी के लिए तैनात अधिकारियों को रात में भी निर्माण स्थलों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी मौके पर पहुंचकर वास्तविक प्रगति का आकलन करें और नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करें, ताकि कार्यों में आ रही बाधाओं को तत्काल दूर किया जा सके।

उन्होंने सभी सेक्टरों में शिविर स्थलों की ड्रेसिंग और लेवलिंग बेहतर ढंग से कराने के साथ बिजली, पेयजल, शौचालय और संपर्क मार्गों की व्यवस्था समय से पूरी करने को कहा। कुंभ क्षेत्र में प्रस्तावित सात अस्थाई कोर एरिया पार्किंग का निर्माण तत्काल शुरू कराने के निर्देश भी दिए।

बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुंभ मेला व्यवस्थाओं के तहत हरिद्वार में कुल 19 अस्थाई पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। अस्थाई विद्युतीकरण के लिए तीन हजार से अधिक विद्युत पोल लगाए जा रहे हैं। विभिन्न सेक्टरों में शिविर स्थलों के समतलीकरण, साफ-सफाई, अस्थाई सड़कों के निर्माण और पेयजल लाइनों को बिछाने का कार्य तेजी से चल रहा है।

बैरागी कैंप, गौरीशंकर, दक्षद्वीप और पंतद्वीप सहित प्रमुख सेक्टरों में अधिकांश कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुके हैं। इन क्षेत्रों में टेंट और शौचालय स्थापित करने का काम भी शुरू कर दिया गया है।

मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि कुंभ मेले में आने वाले श्रद्धालुओं और संत-महात्माओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना मेला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय से काम करें। कार्यों की गुणवत्ता और समयबद्धता में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्थाओं की जवाबदेही तय कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में अपर मेलाधिकारी नंदन कुमार, मुख्य विकास अधिकारी डॉ. ललित नारायण मिश्र, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, उप मेलाधिकारी मनजीत सिंह, सिंचाई विभाग के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार सिंह, लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता डीपी सिंह, टेक्निकल सेल के अधीक्षण अभियंता मनोज कुमार भट्ट सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।