उत्तराखंड का निर्यात हुआ 13 हजार करोड़ के पार, पर्वतीय राज्यों में पहला स्थान




Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
उत्तराखंड ने औद्योगिक विकास और निर्यात के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति की है। वर्ष 2017-18 में प्रदेश से होने वाला निर्यात 10 हजार करोड़ रुपये से अधिक था, जो वर्ष 2025-26 में बढ़कर 13 हजार करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। नीति आयोग के एक्सपोर्ट प्रिपेयर्डनेस इंडेक्स-2024 में हिमालयी एवं पर्वतीय राज्यों की श्रेणी में उत्तराखंड ने देश में पहला स्थान हासिल किया है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोमवार को होटल ताज मसूरी में EEPC India के 56वें उत्तरी क्षेत्रीय निर्यात उत्कृष्टता पुरस्कार समारोह में यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि प्रदेश में फार्मा, हर्बल, आयुष, इंजीनियरिंग और ऑटो-कंपोनेंट जैसे उद्योग तेजी से आगे बढ़ रहे हैं। हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर औद्योगिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र बनकर उभरे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड प्राकृतिक सुंदरता और आध्यात्मिक महत्व के साथ उद्योग, विनिर्माण, निवेश और निर्यात की दृष्टि से भी अपार संभावनाओं वाला राज्य है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में प्रदेश औद्योगिक विकास की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने बताया कि बिजनेस रिफॉर्म एक्शन प्लान में उत्तराखंड को टॉप अचीवर्स श्रेणी में स्थान मिला है। वहीं ईज ऑफ डूइंग बिजनेस के डिरेगुलेशन फेज-1 में प्रदेश ने देशभर में पांचवां स्थान प्राप्त किया है। इन उपलब्धियों के पीछे प्रदेश के उद्यमियों, निवेशकों और उद्योग जगत का सामूहिक प्रयास है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि दिल्ली-देहरादून इकोनॉमिक कॉरिडोर, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन, चारधाम ऑल वेदर रोड और सड़क नेटवर्क के विस्तार से प्रदेश में कनेक्टिविटी बेहतर हुई है। इससे निवेशकों और निर्यातकों को आवागमन तथा माल परिवहन में सुविधाएं मिल रही हैं।

उन्होंने उद्योग जगत से फरवरी 2027 में आयोजित होने वाले भारत मोबिलिटी ग्लोबल एक्सपो और अगस्त 2027 में प्रस्तावित फार्मा मैक-टेक एक्सपो में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे वैश्विक मंच प्रदेश के उद्यमियों को अपने उत्पादों और तकनीकी क्षमता को अंतरराष्ट्रीय बाजार में प्रदर्शित करने का अवसर देंगे।