स्नान पर्व की ड्यूटी पर तैनात ट्रैफिक दारोगा से महिला ने की अभद्रता, हाथापाई का आरोप




Listen to this article

खुद को आर्मी मेजर की पत्नी बताकर दिखाई धौंस, पुलिस ने अज्ञात महिला के खिलाफ दर्ज किया मुकदमा

हरिद्वार।
स्नान पर्व के दौरान यातायात व्यवस्था संभाल रहे उत्तराखंड पुलिस के एक ट्रैफिक उप निरीक्षक के साथ महिला द्वारा अभद्रता और हाथापाई किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि महिला ने खुद को आर्मी मेजर की पत्नी बताते हुए पुलिसकर्मी पर रौब झाड़ा और गाली-गलौज की।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह करीब 10 बजे ट्रैफिक उप निरीक्षक नवनीत त्यागी सिंहद्वार के पास स्नान पर्व को लेकर वाहनों के डायवर्जन की व्यवस्था संभाल रहे थे। इस दौरान मौके पर वाहनों का दबाव होने के कारण जाम की स्थिति बनी हुई थी। आरोप है कि तभी एक कार से उतरी महिला ने दारोगा के साथ अभद्रता शुरू कर दी। महिला ने खुद को आर्मी मेजर की पत्नी बताते हुए उनसे उलझना शुरू कर दिया।

उप निरीक्षक नवनीत त्यागी के अनुसार, महिला ने उनके साथ गाली-गलौज करने के साथ ही हाथापाई भी की। घटना के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की है।

एसएसआई अनुज सिंह ने बताया कि मामले में अज्ञात महिला के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।