गौ संरक्षण से मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था, किसानों की समृद्धि का आधार : धामी




Listen to this article

मथुरा में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के प्रकल्पों का लोकार्पण एवं शिलान्यास
News127मथुरा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि गौ संरक्षण का सीधा संबंध ग्रामीण अर्थव्यवस्था, प्राकृतिक खेती और किसानों की समृद्धि से है। गौ सेवा केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह भारतीय संस्कृति, ग्रामीण जीवन और आत्मनिर्भर अर्थव्यवस्था का महत्वपूर्ण आधार है। उन्होंने कहा कि प्राचीन भारतीय परंपराओं को आधुनिक विज्ञान और अनुसंधान से जोड़कर गौ संरक्षण के क्षेत्र में नई संभावनाएं विकसित करनी होंगी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल गौ विज्ञान अनुसंधान एवं प्रशिक्षण केंद्र में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए।

इस अवसर पर पशु आयुर्वेद एवं पारंपरिक ज्ञान में एक वर्षीय स्नातकोत्तर डिप्लोमा पाठ्यक्रम का शुभारंभ किया गया। आयुर्वेद एवं पंचगव्य अनुसंधान केंद्र तथा श्री नंदीश्वर छात्रावास का लोकार्पण हुआ। वहीं आयुर्वेद महाविद्यालय एवं चिकित्सालय, पशु चिकित्सा महाविद्यालय तथा आवासीय परिसर का शिलान्यास किया गया।

मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण की जन्मभूमि मथुरा भारतीय संस्कृति और आध्यात्मिक चेतना का प्रमुख केंद्र है। भगवान श्रीकृष्ण के जीवन के अनेक प्रसंग गौमाता के प्रति उनके प्रेम और सम्मान को दर्शाते हैं। उन्होंने कहा कि दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति गौ सेवा को आधुनिक शिक्षा, वैज्ञानिक अनुसंधान, चिकित्सा और प्रशिक्षण से जोड़कर सराहनीय कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि आज ऐसी व्यवस्था विकसित करने की आवश्यकता है, जिसमें हमारी प्राचीन परंपराएं और आधुनिक विज्ञान एक-दूसरे के पूरक बनें। आयुर्वेद के पारंपरिक ज्ञान को वैज्ञानिक अनुसंधान का आधार मिले और गोवंश के संरक्षण एवं संवर्धन के लिए नई संभावनाएं विकसित हों। यहां स्थापित किए जा रहे प्रकल्प भविष्य में पशु चिकित्सा, अनुसंधान और गौ संरक्षण के क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

उन्होंने कहा कि इन संस्थानों से प्रशिक्षित होने वाले विद्यार्थी और शोधार्थी भारतीय ज्ञान परंपरा को आगे बढ़ाने के साथ समाज में गौ संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी योगदान देंगे। मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों, गौ सेवकों और सहयोगियों को विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास की बधाई दी।

कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।