एसडीआईएमटी के छात्र-छात्राओं ने किया औद्योगिक भ्रमण




Listen to this article

ग्रेट व्हाइट ग्लोबल के प्लांट में उत्पादन प्रक्रिया और औद्योगिक संचालन की बारीकियां जानीं

News127, हरिद्वार
स्वामी दर्शनानंद इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट एंड टेक्नोलॉजी (एसडीआईएमटी) के एमबीए, बीबीए एवं बीसीए प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने भगतनपुर स्थित ग्रेट व्हाइट ग्लोबल प्राइवेट लिमिटेड का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। इस दौरान विद्यार्थियों ने औद्योगिक इकाई के संचालन, उत्पादन प्रक्रिया और प्रबंधन संबंधी गतिविधियों की जानकारी प्राप्त की।

संस्थान की निदेशक डॉ. जयलक्ष्मी ने कहा कि विद्यार्थियों को समय-समय पर विभिन्न औद्योगिक संस्थानों का शैक्षणिक भ्रमण कराया जाता है। इसका उद्देश्य उन्हें किताबी ज्ञान के साथ व्यावहारिक अनुभव प्रदान करना है, ताकि भविष्य में वे उद्योगों की कार्यप्रणाली को समझकर अपना व्यवसाय शुरू करने अथवा औद्योगिक क्षेत्र में बेहतर कार्य करने के लिए तैयार हो सकें।

भ्रमण के समन्वयक अंकुर एवं मेघा ने विद्यार्थियों को औद्योगिक भ्रमण के उद्देश्यों और इसके महत्व की जानकारी दी। वहीं ग्रेट व्हाइट ग्लोबल के प्लांट हेड देबांशु पुराकायस्थ ने विद्यार्थियों को फैक्ट्री के संचालन और विभिन्न उत्पादों की निर्माण प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।

उन्होंने जानकारी दी कि ग्रेट व्हाइट ग्लोबल का एक अन्य प्लांट गुजरात के वलसाड में भी संचालित है। दोनों औद्योगिक इकाइयों में पंखे, स्विच, सॉकेट और एमसीबी सहित विभिन्न विद्युत उपकरणों का उत्पादन किया जाता है। विद्यार्थियों ने उत्पादन प्रक्रिया को नजदीक से समझा और औद्योगिक गतिविधियों की जानकारी हासिल की।

औद्योगिक भ्रमण में प्रिंस, प्रियांशु, वंश गोयल, दिव्या रावत, निधि, वंश, कृष्णा सैनी, उदय, तन्मय, अनुज, अनन्या, सौम्या, दिव्या नैगी, चांदनी राय, तनु नेगी, अंकिता, समीक्षा, वैष्णवी, धीरज, तान्या और ईशा सहित अन्य छात्र-छात्राएं शामिल रहे।