जागरूक लोगों ने दुकान में चोरी की साजिश की नाकाम, एक आरोपी दबोचा




Listen to this article

News127, हरिद्वार।
कनखल क्षेत्र के जियापोता गांव में जागरूक लोगों की सतर्कता से दुकान में चोरी की कोशिश नाकाम हो गई। सब्बल और आरी लेकर दुकान की छत पर पहुंचे दो संदिग्धों को लोगों ने घेर लिया। इस दौरान एक आरोपी को मौके पर ही पकड़ लिया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने पकड़े गए आरोपी को हिरासत में लेकर चोरी में इस्तेमाल किए जाने वाले औजार और सीढ़ियां बरामद की हैं।

पुलिस के अनुसार, मिस्सरपुर निवासी विराज सैनी की ग्राम जियापोता में हार्डवेयर की दुकान है। शनिवार सुबह पड़ोसियों ने उन्हें सूचना दी कि दो संदिग्ध व्यक्ति सब्बल और आरी लेकर दुकान की छत पर खड़े हैं और चोरी की फिराक में हैं। बताया गया कि दोनों दुकान का शटर तोड़कर चोरी करने की योजना बना रहे थे।

सूचना मिलते ही विराज सैनी अपने साथियों के साथ दुकान पर पहुंचे। लोगों को आता देख दोनों संदिग्धों ने छत से छलांग लगाकर भागने का प्रयास किया। इस दौरान एक आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला, जबकि दूसरा घायल होने के कारण लोगों के हत्थे चढ़ गया।

सूचना पर जगजीतपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और पकड़े गए आरोपी को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने घटनास्थल से दो सब्बल, एक आरी और दो सीढ़ियां बरामद की हैं। पकड़े गए आरोपी की पहचान धर्मवीर पुत्र स्व. जयपाल निवासी टोडा कल्याणपुर, कोतवाली रुड़की, हरिद्वार के रूप में हुई है।

पुलिस ने विराज सैनी की तहरीर पर कोतवाली कनखल में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश किया गया। वहीं, फरार आरोपी की तलाश में पुलिस जुटी है।