यमुना घाट और भव्य प्रतिमा के माध्यम से प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने का प्रयास
News127, मथुरा।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि उत्तराखंड के हरिपुर-कालसी का ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व रहा है। राज्य सरकार इस प्राचीन धार्मिक स्थल की पहचान को पुनर्स्थापित कर इसे मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने संत समाज और श्रद्धालुओं को हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना की आरती में सम्मिलित होने का निमंत्रण दिया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को उत्तर प्रदेश के मथुरा जनपद के फरह स्थित गऊ-ग्राम, परखम में दीनदयाल कामधेनु गौशाला समिति के विभिन्न प्रकल्पों के लोकार्पण एवं शिलान्यास कार्यक्रम में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने उत्तराखंड और ब्रजभूमि के बीच मां यमुना के आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक संबंधों का उल्लेख किया।
मुख्यमंत्री श्री धामी ने कहा कि मां यमुना की पवित्र धारा देवभूमि उत्तराखंड और ब्रजभूमि को आपस में जोड़ती है। यमुनोत्री धाम से निकलने वाली मां यमुना अनेक क्षेत्रों को जीवन प्रदान करते हुए ब्रजभूमि को सिंचित करती हैं। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड और ब्रजभूमि का यह संबंध केवल भौगोलिक नहीं, बल्कि धार्मिक, सांस्कृतिक और आध्यात्मिक भी है।
मुख्यमंत्री ने हरिपुर-कालसी के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि मान्यता है कि प्राचीन समय में यमुनोत्री धाम की यात्रा पर जाने वाले श्रद्धालु हरिपुर-कालसी में मां यमुना के दर्शन और स्नान करने के बाद अपनी यात्रा प्रारंभ करते थे। यह स्थल धार्मिक आस्था और परंपराओं का महत्वपूर्ण केंद्र रहा है।
उन्होंने बताया कि हरिपुर-कालसी की प्राचीन धार्मिक पहचान को पुनर्स्थापित करने के उद्देश्य से वहां मां यमुना के भव्य घाट का निर्माण कराया गया है, जिसका हाल ही में लोकार्पण किया गया है। इसके साथ ही मां यमुना की भव्य प्रतिमा भी स्थापित की गई है। सरकार का लक्ष्य इस क्षेत्र को धार्मिक पर्यटन के मानचित्र पर विशेष पहचान दिलाना है।
धामी ने कहा कि संस्कृति और परंपराओं का संरक्षण केवल उनके गौरव का बखान करने से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए धरातल पर ठोस कार्य करने होते हैं। नदियों का संरक्षण और धार्मिक स्थलों का विकास हमारी सांस्कृतिक विरासत को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है।
मुख्यमंत्री ने संत समाज और श्रद्धालुओं से हरिपुर-कालसी पहुंचकर मां यमुना के दर्शन करने और आरती में सम्मिलित होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार हरिपुर-कालसी को मां यमुना के प्रमुख धार्मिक एवं आध्यात्मिक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम में केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान, निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी कैलाशानन्द गिरि महाराज, जूना अखाड़े के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानन्द गिरि महाराज, आरएसएस की अखिल भारतीय कार्यकारिणी के सदस्य सुरेश सोनी सहित अनेक संत-महात्मा एवं गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


