20 विद्यालयों के नन्हे प्रतिभागियों ने सामान्य ज्ञान के सवालों पर दिखाई प्रतिभा, शिव तांडव स्तुति और फ्यूजन नृत्य ने मोहा मन
News127, हरिद्वार
किताबी ज्ञान के साथ सामान्य ज्ञान, तार्किक क्षमता और आत्मविश्वास का विकास ही विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करता है। इसी उद्देश्य को लेकर दिल्ली पब्लिक स्कूल रानीपुर में 16वीं किड्स बी क्विज-2026 का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में हरिद्वार और रुड़की के 20 विद्यालयों के 60 विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
डीपीएस रानीपुर के जूनियर विंग में आयोजित इस प्रतियोगिता में बच्चों ने न केवल अपने ज्ञान का प्रदर्शन किया, बल्कि विभिन्न विषयों पर आधारित प्रश्नों के उत्तर देकर अपनी बौद्धिक क्षमता का परिचय भी दिया। कार्यक्रम का शुभारंभ स्वागत गीत और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने अतिथियों के स्वागत में शिव तांडव स्तुति की प्रभावशाली प्रस्तुति दी। वहीं फ्यूजन नृत्य ने कार्यक्रम को आकर्षक बना दिया।

प्रतियोगिता में मालगुडी डेज, विश्व के सात आश्चर्य, छत्रपति शिवाजी, करेंट अफेयर्स और कक्षा पांच तक के पाठ्यक्रम से जुड़े विषयों को शामिल किया गया। पहले चरण में लिखित परीक्षा आयोजित की गई, जिसके आधार पर छह विद्यालयों की टीमों का चयन फाइनल के लिए हुआ। फाइनल में अचीवर्स होम पब्लिक स्कूल, एंजेल्स एकेडमी स्कूल, डीएवी सेंटेनरी स्कूल, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल रुड़की, माउंट लिटरा जी स्कूल और डीपीएस रानीपुर की टीमों ने अपनी प्रतिभा दिखाई।
विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. अनुपम जग्गा ने कहा कि किसी भी प्रतियोगिता में सफलता प्राप्त करना अच्छी बात है, लेकिन उससे अधिक महत्वपूर्ण उसमें भाग लेना और अपने भीतर छिपी क्षमताओं को पहचानना है। प्रतियोगिताएं विद्यार्थियों को आत्मविश्वास प्रदान करने के साथ निरंतर सीखने और उत्कृष्टता की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित करती हैं।
प्रतियोगिता के परिणामों में डीपीएस रानीपुर ने प्रथम, ग्रीनवे मॉडर्न स्कूल रुड़की ने द्वितीय और डीएवी सेंटेनरी स्कूल ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। प्रधानाचार्य ने विजेता टीमों को पुरस्कार एवं स्मृतिचिह्न प्रदान कर सम्मानित किया और सभी प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में मनीषा जग्गा, उप प्रधानाचार्य पविंदर सिंह एवं अनुपमा श्रीवास्तव, अलका गुप्ता और शालिनी भटनागर सहित विभिन्न खंड प्रभारी एवं शिक्षक मौजूद रहे। प्रतियोगिता का संचालन क्विज मास्टर करिश्मा सरौत और ऋचा गौतम ने किया।


