स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देना समय की जरूरत, नौकरी नहीं- रोजगार सृजन की सोचें युवा: राज्यपाल




Listen to this article
  • पश्चिमांचल स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद में आनंदीबेन पटेल ने उद्यमिता को आत्मनिर्भरता का आधार बताया
  • 18 विश्वविद्यालयों के कुलपति और विद्यार्थियों ने नवाचारों के साथ किया प्रतिभाग, शोध एवं तकनीकी साझेदारी पर दिया जोर

न्यूज 127, मेरठ।
युवाओं को नौकरी पाने की प्रतिस्पर्धा तक सीमित रहने के बजाय रोजगार सृजन की दिशा में कदम बढ़ाने होंगे। अपने नवाचार और उद्यमशीलता के बूते वे न केवल आत्मनिर्भर बन सकते हैं, बल्कि दूसरों के लिए भी रोजगार के अवसर उपलब्ध करा सकते हैं। इसके लिए विश्वविद्यालयों को भी अपनी पारंपरिक कार्यप्रणाली में बदलाव कर विद्यार्थियों को शोध, तकनीक और उद्यमिता से जोड़ना होगा। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने शनिवार को चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में आयोजित पश्चिमांचल स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद में युवाओं और शिक्षण संस्थानों को यही संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि सरकार के लिए प्रत्येक शिक्षित युवा को सरकारी या निजी क्षेत्र में नौकरी उपलब्ध कराना संभव नहीं है। ऐसे में स्वरोजगार और उद्यमिता को प्रोत्साहन देना समय की जरूरत है। एक युवा अपना उद्यम स्थापित कर यदि सौ लोगों को रोजगार उपलब्ध कराता है तो यह देश की अर्थव्यवस्था को मजबूती देने के साथ आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को भी आगे बढ़ाता है। उन्होंने विश्वविद्यालयों से आह्वान किया कि विद्यार्थियों के नवाचारों को केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित न रखा जाए, बल्कि उन्हें व्यावसायिक स्वरूप देने के लिए उद्योगपतियों, निवेशकों और वित्तीय संस्थानों से जोड़ने की व्यवस्था की जाए। युवाओं को अपने आसपास की समस्याओं को अवसर के रूप में देखते हुए उनके समाधान के लिए नए प्रयोग करने चाहिए। असफलता से निराश होने के बजाय उससे सीख लेकर आगे बढ़ना चाहिए।

बहुमंजिला भवनों से बढ़ाएं विश्वविद्यालयों की क्षमता
राज्यपाल ने विश्वविद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए परंपरागत निर्माण शैली में बदलाव पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सीमित भूमि का बेहतर उपयोग करते हुए पांच से दस मंजिला भवन बनाए जा सकते हैं। इनमें प्रयोगशालाओं, कंप्यूटर सेंटर, लिफ्ट और अन्य आधुनिक सुविधाओं की व्यवस्था कर शैक्षणिक गतिविधियों का विस्तार किया जा सकता है। विश्वविद्यालयों में विकास का आकलन केवल भवनों की संख्या से नहीं, बल्कि उपलब्ध संसाधनों के प्रभावी उपयोग और शैक्षणिक गुणवत्ता से होना चाहिए।

उन्होंने आईआईटी कानपुर, खड़गपुर और मद्रास जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों के साथ राज्य विश्वविद्यालयों की शोध एवं तकनीकी साझेदारी बढ़ाने की आवश्यकता बताई। इससे संयुक्त शोध परियोजनाओं को गति मिलने के साथ विद्यार्थियों को नवाचार के बेहतर अवसर मिलेंगे। विश्वविद्यालयों की समस्याओं के समाधान और संसाधनों के बेहतर उपयोग के लिए उद्योगपतियों तथा वरिष्ठ शोधकर्ताओं की समिति गठित करने का सुझाव भी दिया।

संसाधनों के अभाव में प्रभावित न हो शोध और शिक्षा
राज्यपाल ने केंद्रीय और राज्य विश्वविद्यालयों के बीच संसाधनों की उपलब्धता में अंतर का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विश्वविद्यालयों को अपेक्षाकृत अधिक अनुदान और शोध परियोजनाओं के लिए बेहतर आर्थिक सहायता मिलती है, जबकि राज्य विश्वविद्यालय सीमित संसाधनों में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों को शिक्षा प्रदान कर रहे हैं। इनमें ग्रामीण अंचलों के विद्यार्थियों की भी उल्लेखनीय भागीदारी है। ऐसे में सक्षम शैक्षणिक संस्थानों, उद्योगपतियों और उद्यमियों को राज्य विश्वविद्यालयों की मदद के लिए आगे आना चाहिए।

उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को प्रशिक्षण, मेंटरशिप और आर्थिक सहयोग उपलब्ध कराकर उनकी प्रतिभा को निखारा जा सकता है। विश्वविद्यालयों में उपलब्ध आधारभूत ढांचे का इस्तेमाल स्टार्टअप, कौशल विकास और शोध गतिविधियों को बढ़ावा देने में भी किया जाना चाहिए।

राज्यपाल ने कहा कि देश के युवाओं में प्रतिभा और नवाचार की क्षमता की कमी नहीं है। जरूरत उन्हें अनुकूल वातावरण, संसाधन और मार्गदर्शन उपलब्ध कराने की है। विश्वविद्यालय इस दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएं, ताकि विद्यार्थियों के विचार स्टार्टअप का रूप लेकर रोजगार सृजन और देश की आर्थिक प्रगति में भागीदार बन सकें। इस दौरान उन्होंने 75 स्टालों पर स्टार्टअप को देखा व छात्रों से संवाद किया।

18 विश्वविद्यालयों के नवाचारों को मिला साझा मंच
पश्चिमांचल यूपी स्टार्टअप एवं इनोवेशन संवाद में 18 विश्वविद्यालयों के कुलपतियों और छात्र-छात्राओं ने अपने नवाचारों के साथ प्रतिभाग किया। विद्यार्थियों ने अपने नवाचार आधारित विचारों और तकनीकी प्रयोगों के माध्यम से उद्यमिता की संभावनाओं को सामने रखा। कार्यक्रम में विभिन्न विश्वविद्यालयों के बीच शोध, तकनीक और स्टार्टअप से जुड़े अनुभवों के आदान-प्रदान का अवसर मिला।

इस दौरान राज्यपाल के विशेष कार्याधिकारी एसएम बोबड़े, चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय की कुलपति प्रो. संगीता शुक्ला, प्रतिभागी विश्वविद्यालयों के कुलपति, प्रोफेसर और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।