नवीन चौहान, हरिद्वार। नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के पास दमदार प्रत्याशी नहीं होने के चलते नामों पर विचार मंथन का दौर जारी है। करीब चार दशकों से कांग्रेस का झंडा उठाकर घूमने वाले जैन परिवार का टिकट काटकर एक पूर्व सभासद की पत्नी को मेयर का टिकट थमाने की रणनीति बन चुकी है। संभावना है कि देर शाम तक नाम की घोषणा कर दी जायेगी। इसी के साथ कांग्रेस में भी फूट पड़ने का सिलसिला आगे भी जारी रहेगा।
कांग्रेस पार्टी ने अभी पत्ते नहीं खोले है। कांग्रेस की ओर से सबसे प्रबल दावेदार के तौर पर पूर्व सभासद अशोक शर्मा की पत्नी अनीता शर्मा का नाम सबसे ऊपर चल रहा है। जबकि जैन परिवार में मनोज जैन की पत्नी पायल जैन और वरिष्ठ कांग्रेस नेत्री पूनम भगत का नाम भी दावेदारों की लिस्ट में है। मनोज जैन के पिता पारस कुमार जैन कांग्रेस के पुराने कार्यकर्ता रहे हैं। कांग्रेसी पृष्ठभूमि के चलते मनोज जैन और उनकी पत्नी पायल जैन सामाजिक क्षेत्र में खासी सक्रिय रही है। कांग्रेस के बड़े आयोजन उनकी ही आर्थिक सहायता से संपन्न होते रहे है। लेकिन कांग्रेस उनको दरकिनार कर रही है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के नजदीकि माने जाने वाले मनोज जैन के परिवार का टिकट खटाई में पड़ता दिखाई पड़ रहा है। वही पूनम भगत को भी इस बार निराशा हाथ लग सकती है। कांग्रेसी सूत्रों से जानकारी मिली है कि अनीता शर्मा के नाम पर मोहर लग गई है। जल्द ही अनीता को कांग्रेस का मेयर प्रत्याशी घोषित कर दिया जायेगा। इस नाम की घोषणा के बाद से ही कांग्रेस को करारे झटके लगने शुरू हो जायेगे।
कांग्रेस मेयर प्रत्याशी के नाम की घोषणा के बाद पार्टी को लगेंगे बड़े झटके, जानिए पूरी खबर



