नवीन चौहान, हरिद्वार। कांग्रेस ने अपने पत्ते खोलते हुए रविवार को अपने प्रत्याशियों के नाम की घोषणा कर दी है। कांग्रेस ने हरिद्वार से मेयर पद के लिए पूर्व पार्षद अनिता शर्मा पर दांव खेला है। इसकी पहले से ही संभावना जताई जा रही थी कि कांग्रेस अनिता शर्मा पर ही अपना दांव खेलेगी। अनिता शर्मा के नाम की घोषणा के साथ पार्टी ने दशकों से कांग्रेस का झंडा उठाने वाले मनोंज जैन की पत्नी पायल जैन के साथ पूनम भगत को भी दरकिनार कर दिया है। अनिता के नाम की घोषणा के साथ मेयर पद पर मुकाबला अब रोचक हो गया है।
नगर निगम चुनाव में कांग्रेस के पास दमदार प्रत्याशी नहीं होने के चलते नामों पर विचार मंथन का दौर लम्बा चला। आखिरकार अनिता के नाम पर मोहर लग गई। हालांकि टिकट पाने वालों की सूची में कांग्रेसी नेता पारस कुमार जैन की पुत्रवधु पायल जैन का नाम भी काफी चर्चा में चल रहा था। इसी के साथ पूनम भगत भी अपने टिकट के लिए काफी आश्वस्त थी, किन्तु बाजी अनिता शर्मा के हाथ लगी।
विदित हो कि अनिता शर्मा के पति अशोक शर्मा भी कांग्रेस के टिकट पर सभासद का चुनाव लड़ चुके हैं और दो बार वह सभासद रहे। महिला सीट होने के बाद उन्होंने अपनी पत्नी को पार्षद पद के लिए खड़ा किया और चुनाव में उन्हें जीत मिली। अनिता शर्मा का पंडा समाज से ताल्लुक है। ऐसे में पंड़ा समाज में उनकी खासी पकड़ है। वहीं कांग्रेस में भी अशोक शर्मा का अच्छा रूतबा है। वहीं अनु कक्कड़ को शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक का वरद हस्त प्राप्त है। इस कारण से मेयर पद पर मुकाबला रोचक होने की संभावना है। उधर शिवालिकनगर नगर पालिका पर कांग्रेस ने महेश प्रताप राणा को अपना उम्मीद्वार बनाया है। महेश का मुकाबला भाजपा के राजीव शर्मा के साथ होगा। विधायक के व्यक्ति का टिकट न होने के कारण राजीव को चुनाव में मुश्किलों को सामना करना पड़ सकता है।
मेयर पद पर कांग्रेस की अनिता शर्मा व भाजपा की अन्नू में होगी टक्कर



