न्यूज 127, रुड़की।
हरिद्वार-रूड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा अवैध निर्माणों के खिलाफ की जा रही कड़ी कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मचा है। प्राधिकरण की टीम ने नियमों को ताक पर रखकर किए जा रहे दो अलग-अलग अनधिकृत निर्माणों को मौके पर सील कर दिया। इसके साथ ही जिम्मेदार लोगों के खिलाफ अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत कानूनी वाद दर्ज किया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, पहली कार्रवाई शांतरशाह, सहदेवपुर रोड (तहसील-रूड़की, जिला-हरिद्वार) में की गई, जहां सुरेश द्वारा बिना अनुमति के लगभग 30 फीट x 50 फीट के क्षेत्रफल में प्रथम एवं द्वितीय तल पर धड़ल्ले से निर्माण कार्य कराया जा रहा था। वहीं, दूसरी कार्रवाई लंढौरा रोड क्षेत्र में हुई, जहां तौकीर (हितबद्ध व्यक्ति) द्वारा बिना नक्शा स्वीकृत कराए लगभग 30 फीट x 20 फीट के रकबे में दुकानों का अवैध निर्माण किया जा रहा था।
प्राधिकरण अधिकारियों के अनुसार, दोनों ही स्थलों पर लगातार हिदायतें और निर्देश दिए जाने के बावजूद अनधिकृत निर्माणकर्ताओं द्वारा काम बंद नहीं किया जा रहा था। लगातार हो रही अनदेखी और नियमों के उल्लंघन को गंभीरता से लेते हुए प्राधिकरण की प्रवर्तन टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में दोनों स्थलों पर पहुंचकर सीलिंग की कार्रवाई को अंजाम दिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद अनधिकृत निर्माणकर्ताओं को सख्त हिदायत दी गई कि वे बिना सक्षम स्तर से नक्शा स्वीकृत कराए किसी भी तरह का निर्माण कार्य आगे न बढ़ाएं। प्राधिकरण अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में अवैध प्लॉटिंग और बिना नक्शा पास कराए किए जा रहे निर्माणों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आगे भी इस प्रकार का अभियान जारी रहेगा।








