न्यूज 127, हरिद्वार
जगजीतपुर स्थित एस.एम. पब्लिक स्कूल में नर्सरी से कक्षा दो तक के विद्यार्थियों के लिए ‘ऑरेंज डे’ उत्साह और रचनात्मकता के साथ मनाया गया। विशेष रूप से तैयार किए गए एक्टिविटी रूम में नन्हे विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों और क्राफ्ट के माध्यम से नारंगी रंग को जाना और समझा।

कार्यक्रम के दौरान मदर टीचर्स ने बच्चों को नारंगी रंग की पहचान, उसकी विशेषताओं और आसपास दिखाई देने वाली नारंगी रंग की वस्तुओं के बारे में रोचक एवं सरल तरीके से जानकारी दी। बच्चों ने विभिन्न रंगों की वस्तुओं को पहचानते हुए उनके बीच नारंगी रंग की अलग पहचान को समझा।

इस अवसर पर विद्यार्थियों ने नारंगी रंग से संबंधित आकर्षक क्राफ्ट तैयार किए और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिक्षिकाओं के मार्गदर्शन में बच्चों ने खेल-खेल में रंगों की पहचान करना सीखा और उन्हें अपने दैनिक जीवन से जोड़ने का प्रयास किया। गतिविधियों के दौरान बच्चों में खासा उत्साह दिखाई दिया।

विद्यालय की उप-प्रधानाचार्या रेखा शर्मा ने कहा कि बच्चों के लिए सीखना तब अधिक प्रभावी होता है, जब उन्हें देखकर, पहचानकर और स्वयं करके सीखने का अवसर मिलता है। ऐसी गतिविधियां बच्चों की जिज्ञासा, रचनात्मकता और आत्मविश्वास को बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं।

उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ-साथ रचनात्मक और गतिविधि आधारित शिक्षण पर भी विशेष ध्यान दिया जाता है।

ऑरेंज डे बच्चों के लिए सीखने, सृजन करने और आनंद लेने का यादगार अनुभव रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों ने रंगों की पहचान के साथ अपनी कल्पनाशीलता और रचनात्मक कौशल को भी अभिव्यक्त किया।









