मेरठ। मेरठ के बाल सुधार गृह से तीन बच्चे फरार हो गए। इस बात की जानकारी होने पर पुलिस प्रशासन में हड़कंप मच गया। ये बच्चे छत के रोशन दान की सरिया तोड़कर पाइप लाइन के सहारे नीचे उतर कर फरार हुए। सूचना मिलने पर थाना नौचंदी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल के बाद फरार बच्चों की तलाश में जुट गई। जानकारी के अनुसार बाल सुधार गृह में बेसहारा बच्चों को रखा जाता है। बीती रात यहां से 3 किशोर फरार हो गए। इनमें से एक मेरठ के ही आबूलेन का रहने वाला है, जबकि दूसरा बरेली का और तीसरा सोनभद्र का रहने वाला है। बताया गया कि बाल सुधार गृह की पहली मंजिल पर बने बाथरूम के रोशनदान की खिड़की का सरिया तोड़कर पाइप के सहारे उतर कर ये तीनों बच्चे फरार हुए। जब इनके फरार होने का पता केयर टेकर का लगा तो उसने तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचना दी। सूचना मिलने पर नौचंदी पुलिस भी मौके पर पहुंची। पुलिस ने फरार बच्चों की तलाश में रोडवेज अड्डा, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर इनकी तलाश के लिए चेकिंग करायी, लेकिन उनका कोई पता नहीं चला। फिलहाल पुलिस फरार बच्चों की तलाश में जुटी है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही बच्चों का पता लगा लिया जाएगा।