न्यूज 127.
भाजपा नेता की सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। अज्ञात हत्यारों ने भाजपा नेता के पेट में जहरीला इंजेक्शन घोंपकर हत्या की है। यह पूरा मामला यूपी के संभल जिले का है।
जानकारी के अनुसार भाजपा नेता गुलफाम सिंह यादव की जहर का इंजेक्शन लगाकर हत्या कर दी गई। एक ही बाइक पर आए 3 बदमाशों ने उनके घेर में ही उन्हें पकड़ा और जबरन पेट में जहर का इंजेक्शन लगा दिया। परिजन उन्हें लेकर अस्पताल पहुंचे लेकिन इलाज के दौरान ही उनकी मौत हो गई। गुलफाम सिंह यादव वर्ष 2004 में गुन्नौर सीट पर सपा चीफ मुलायम सिंह यादव के सामने विधानसभा का चुनाव लड़कर चर्चा में आए थे। उनकी पत्नि वर्तमान में ग्राम प्रधान हैं। बेटा ब्लॉक प्रमुख रह चुका है। गुलफाम सिंह ने लेखपाल की नौकरी छोड़कर राजनीति में प्रवेश किया था। वह वर्तमान में संभल विधानसभा के क्षेत्र प्रभारी थे। पुलिस ने पूरे मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी है। मौके से पुलिस को हत्यारों का एक हैलमेट और इंजेक्शन की सीरिंज मिली है। पुलिस ने जल्द ही हत्यारों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा करने की बात कही है।
भाजपा नेता की पेट में जहरीला इंजेक्शन घोंपकर हत्या


