नवीन चौहान.
चारधाम यात्रा आज यानि शनिवार से शुरू हो गई है। इसके लिए शासन ने एसओपी भी जारी कर दी है। यात्रा के दौरान कोविड गाइड लाइन का पूरी तरह से पालन करना होगा। आनलाइन रजिस्ट्रेशन के बाद ही यात्रा की अनुमति मिलेगी। अपने निजी वाहन से यात्रा पर जाने वालों को ग्रीन कार्ड या ट्रिप कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी।
चारधाम यात्रा बस टर्मिनस, ऋषिकेश में यात्रियों की सुविधा के लिए विभिन्न विभागों के साथ मिलकर परिवहन विभाग संयुक्त रूप से सहायता केंद्र की स्थापना करेगा। यह केंद्र सुबह छह बजे से शाम आठ बजे तक सेवाएं देगा। चारधाम में वाहनों में ओवरलोडिंग, ओवर स्पीड और अवैध वाहन संचालन को रोकने के लिए भद्रकाली और तपोवन (ब्रह्मपुरी) में परिवहन विभाग ने दो अस्थायी चेकपोस्ट स्थापित कर दिए हैं।
परिवहन आयुक्त दीपेंद्र कुमार चौधरी ने आरटीओ देहरादून को नोडल अधिकारी बनाया है। इसके अलावा एआरटीओ ऋषिकेश, देहरादून, हरिद्वार, उत्तरकाशी, पौड़ी, कोटद्वार, रुड़की, कर्णप्रयाग और टिहरी को सहायक नोडल अधिकारी नामित किया गया है।
यात्रा शुरू होने से पहले शुक्रवार को ऑनलाइन ग्रीन कार्ड व ट्रिप कार्ड का ट्रायल किया गया। परिवहन सचिव डॉ. रंजीत सिन्हा ने आदेश दिया है कि सभी सार्वजनिक यात्री वाहनों के लिए भौतिक निरीक्षण के बाद ही ग्रीन कार्ड जारी किया जाएगा। दूसरी ओर, अगर कोई अपने निजी वाहन से यात्रा पर जाता है तो उसे ग्रीन कार्ड या ट्रिप कार्ड की आवश्यकता नहीं होगी।
इसके अलावा सभी वाहनों के लिए क्यूआर कोड जारी होगा। इससे वाहनों की चेकिंग के दौरान वाहन चालक को ग्रीन कार्ड नहीं दिखाना होगा बल्कि परिवहन अधिकारी सीधे इसे स्कैन करके ही वाहन को आगे बढ़ा देंगे। ट्रिप कार्ड के लिए यात्रियों का देवस्थानम बोर्ड का पंजीकरण नंबर फीड करना होगा।