मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने हरिद्वार में स्वामी सत्यमित्रानंद समाधि स्थल मंदिर का किया शिलान्यास




नवीन चौहान
मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल, शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, योगगुरू बाबा रामदेव और जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर स्वामी अवधेशानंद गिरी के साथ संत महंतों ने स्वामी सत्यमित्रानंद समाधि स्थल मंदिर का शिलान्यास किया। इस दौरान सदगुरुदेव स्मृति सभागार का भी लोकार्पण कियामुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने स्वामी सत्यामित्रानंद गिरी महाराज को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि उनके विचार हर युग में प्रासंगिक रहेंगे। उन्होंने समाज के हर वर्ग के कल्याण के लिए कार्य किए।
सोमवार को भारत माता मंदिर और समन्वय ट्रस्ट के संस्थापक देश के शीर्ष कोटि के संत महामंडलेश्वर स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज की समाधि स्थल भूपतवाला हरिद्वार में दिव्य भव्य समाधि स्थल मंदिर का शिलान्यास उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने किया। स्मृति सभागार में स्वामी सत्यमित्रानंद गिरी महाराज के जीवन से संबंधित चित्रों का संकलन किया गया है और उनकी पुस्तकें भी इस सभागार में रखी गई है। इस दौरान समाधि स्थल परिसर में सवा लाख हनुमान चालीसा पाठ का समापन हुआ। श्री पंच दशनाम जूना अखाड़ा के आचार्य महामंडलेश्वर और भारत माता मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी अवधेशानंद गिरी महाराज ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद महाराज हमारे मध्य सूक्ष्म शरीर के रूप में विराजमान है और उनका आशीर्वाद हम सब के साथ हैं। सद्गुरु हम गुरु भाइयों की लंबी श्रंखला को स्थापित करके ब्रह्मलीन हुए। उन्होंने कहा कि उनका यह समाधि स्थल हम सबके लिए प्रेरणादाई है। आचार्य महामंडलेश्वर ने कहा कि गुरुदेव का समाधि स्थल मोन क्षेत्र स्थल के रूप में रहेगा ।जो हमें आत्मिक प्रेरणा और शांति प्रदान करेगा। उनका स्मृति स्थल भव्य और दिव्य बनाया जाएगा।मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि भारत माता ट्रस्ट मन्दिर की स्थापना देशकाल की डिमाण्ड के अनुसार जिन लोगों ने देश के लिये बलिदान किया, उनको समर्पित किया। वह एक बहुत बड़े सन्त थे। उनको शंकराचार्य की उपाधि मिली और उन्होंने उसका परित्याग किया और जो धर्मदण्ड है, उसे उन्होंने मां गंगा को समर्पित किया। वे आध्यात्म व व्यवहार दोनों के समन्वयक थे। आज उनकी याद में स्मृति मन्दिर का शिलान्यास किया गया है, जो युगों-युगों तक हमारे आने वाली पीढ़ी को प्रेरणा देगा।
इससे पूर्व राघव कुटीर भारत माता जनहित ट्रस्ट, हरिपुर कलां परिसर पहुंचने पर मुख्यमंत्री, विधानसभा अध्यक्ष, शहरी विकास मंत्री आदि विशिष्टजनों का भव्य स्वागत किया गया।
महामण्डलेश्वर गोविन्द गिरिजी महाराज, स्वामी ललितानन्द जी, स्वामी रामदेव, ब्रह्मस्वरूप ब्रह्मचारी, स्वामी हरचेतनानन्द, सतपाल ब्रह्मचारी, लक्सर विधायक संजय गुप्ता, ज्वालापुर विधायक सुरेश राठौर, मेला अधिकारी दीपक रावत, जिलाधिकारी सी रविशंकर, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सैंथिल अबुदई कृष्णराज एस, अपर मेलाधिकारी हरबीर सिंह, सीएमओ एसके झा, मुख्य नगर अधिकारी जय भारत सिंह, नगर मजिस्ट्रेट जगदीश लाल,एसडीएम गोपाल सिंह चौहान, डिप्टी कलक्टर शैलेन्द्र सिंह नेगी सहित अन्य पदाधिकारीगण, अधिकारीगण आदि उपस्थित थे।

 



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *