पत्नी को मारने के लिए चलायी गोली छत पर खेल रहे बच्चे को लगी




मुरादाबाद
पति और पत्नी के बीच हुए विवाद के दौरान चली गोली से छत पर खेल रहे पड़ोसी के बच्चे की मौत हो गई। इस घटना से हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को बंदूक समेत अपनी हिरासत में ले लिया। इस घटना में घायल महिला को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार मुरादाबाद के थाना सिविल लाइन के हिमगिरि कालोनी के रहने वाले खूब सिंह का अपनी पत्नी के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसी बीच खूबसिंह अपनी पत्नी को जान से मारने के लिए अपनी लाइसेंसी बंदूक निकाल लाया। उसकी पत्नी छत पर थी, खूब सिंह बंदूक लेकर छत पर पहुंच गया। उसने अपनी पत्नी पर गोली चला दी, गोली से उसकी पत्नी तो किसी तरह बच गई लेकिन छत पर खेल रहे पड़ोसी के सात वर्षीय बच्चे को जा लगी। गोली लगने से बच्चे की मां भी घायल हो गई। गोली लगने से मौके पर चीख पुकार मच गयी। घायल मां बेटे को लोगों ने इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया जहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई, मां की हालत भी गंभीर बतायी जा रही है।
बताया जा रहा है कि इस घटना के बाद आरोपी खूबसिंह अपने मकान के दरवाजे पर आकर बैठ गया। मौके पर पहुची पुलिस ने आरोपी खूब सिंह को बंदूक सहित गिरफ्तार कर लिया। मृतक बच्चे के​ पिता का कहना है कि वह काम पर गए थे, घटना की सूचना मिलने पर घर पहुंचा। कहा कि आरोपी खूबसिंह हमसे रंजिश रखता है, बच्चे के पिता ने जानबूझ कर गोली मारने का आरोप लगाया।
एसपी सिटी अमित कुमार आनंद का कहना है कि गोली चलने की सूचना मिली थी, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पूरे मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *