कृषि यूनिवर्सिटी में वेटनरी कॉलेज के डीन डॉ राजवीर सिंह को अज्ञात बदमाशों ने गोली मारी




मेरठ। सरदार वल्लभभाई पटेल कृषि एवं प्रौद्योगिक विश्वविद्यालय मोदीपुरम के वैटरनरी विभाग के डीन डॉ राजवीर सिंह को बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने गोली मार दी। डॉ राजवीर सिंह को गंभीर हालत में एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बतायी गई है।

जानकारी के अनुसार डॉ राजवीर सिंह शाम करीब पांच बजे यूनिवर्सिटी से अपने घर के लिए निकले थे। जब वह हाइवे से पहले मोदीपुरम 220 केवी सब स्टेशन के पास पहुंचे तो बाइक सवार अज्ञात बदमाशों ने उनकी कार को रूकवा कर ताबड़तोड़ उन पर गोली चला दी। गोली मारने के बाद बाइक सवार मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल डॉ राजवीर सिंह को मोदीपुरम स्थित एसडीएस ग्लोबल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत चिंताजनक बतायी गई है।

घटना की सूचना मिलने पर थाना पल्लवपुरम पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी करने के बाद बदमाशों की तलाश में जुट गई। घटना की सूचना मिलने पर यूनिवर्सिटी से भी तमाम प्रोफेसर और अन्य कर्मचारी अस्पताल पहुंच गए। फिलहाल घटना को अंजाम देने वालों का पता नहीं चला है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *