रैली में किसानों को जुटाने को गुरजीत लहरी ने झोंकी ताकत
11 अक्तूबर को प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के नेतृत्व में गांधी चौक लालढांग से शुरू होगी रैली
नवीन चौहान
हरिद्वार। कांग्रेस की ओर से हरिद्वार के लालढांग क्षेत्र में निकाली जा रही किसान बचाओ—खेती बचाओ यात्रा निकालने के लिए नेताओं ने ताकत झोंक दी है। लालढांग क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुरजीत लहरी ने जनसंपर्क अभियान चलाते हुए भारी संख्या में किसानों को एकत्रित करने को ताकत झोंक दी है। उन्होंने कहा कि किसान विरोधी कानून को किसी भी सूरत में बर्दास्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने लालढांग, गैंडीखाता, सजनपुर पीली, गुर्जर बस्ती, श्यामपुर, कांगड़ी, रसूलपुर आदि गांवों में किसान के साथ मजदूरों से जनसंपर्क करते हुए भारी संख्या में रैली में पहुंचने को आहवान किया। उन्होंने किसानों से कहा कि धान के क्रय खोलने का दावा किया जा रहा है, लेकिन किसी भी किसान की धान नहीं बिक सकी है। किसान खुले बाजार में धान को सस्ते दामों में बेचने को मजबूर हो रहे हैं। ऐसे में किसानों के हालात मुश्किल हो गए हैं। दावा किया था कि धान के भाव उच्च स्तर पर दिए जाएंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने कहा कि किसानों को अपनी ताकत का एहसास और आक्रोश रैली में शामिल होकर दिखाना होगा।