मेरठ। भावनपुर थाना क्षेत्र के चंदौली गांव में दो पक्षों में हुए विवाद के बाद जमकर पथराव हुआ। इस दौरान दोनों पक्षों की ओर से पथराव हुआ और लाठी डंडे चले जिसमें कई लोग चोटिल हो गए। इस दौरान एक पक्ष द्वारा की गई फायरिंग में एक 12 साल का बच्चा गोली लगने से घायल हो गया, घायल को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत गंभीर बनी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने गांव में पहुंच कर घटना की जानकारी की। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस फोर्स तैनात कर दिया गया है।
यह घटना शनिवार सुबह चंदौली गांव में उस वक्त हुई जब दो पक्षों में बाइक टकराने को लेकर विवाद हुआ। आरोप है कि दोनों पक्षों के बीच पहले से भी जमीनी विवाद को लेकर रंजिश चली आ रही है।सुबह हुए विवाद के दौरान दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। इस दौरान मौके पर गोली भी चली। गोली लगने से एक 12 साल का बच्चा सुभान घायल हो गया। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गांव में आरोपियों की तलाश में दबिश दी लेकिन वह घर से फरार मिले। घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मौके पर पहुंचे सीओ मवाना संजीव देशवाल ने गांव में तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मी तैनात कर दिये हैं।