महाराष्ट्र के सीएम शिंदे और डिप्टी सीएम फड़णवीस पहुंचे अयोध्या, रामलला के किये दर्शन




नवीन चौहान.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भगवान श्रीराम की नगरी अयोध्या पहुंच गए हैं। उनके साथ महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फड़णवीस भी अयोध्या आए हैं। दोनों ने अयोध्या पहुंच कर श्री रामलला के दर्शन किये।

लखनऊ से अयोध्या के लिए रवाना होते हुए महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने कहा, ‘भगवान राम का आशीर्वाद हमारे साथ है और इसलिए हमें धनुष और तीर का प्रतीक मिला है।’

महाराष्ट्र के उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा कि मुझे बहुत खुशी है कि आज रामलला के दर्शन के लिए मैं अयोध्या जा रहा हूं। मैं राम जन्मभूमि आंदोलन से जुड़ा रहा हूं। सभी कारसेवाओं में मैं उपस्थित रहा हूं।

वहीं दूसरी ओर महाराष्ट्र के सीएम और डिप्टी सीएम के अयोध्या पहुंचने पर राम कथा पार्क में शिवसेना के कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। अयोध्या पहुंचने वालों में पार्टी के सांसद और मंत्री भी शामिल हैं।

इस दौरान उन्होंने राम कथा पार्क के पास स्थित राम मंदिर आंदोलन के महानायक परमहंस रामचंद्र दास की समाधि स्थल पर माथा टेका। यहां से मुख्यमंत्री शिंदे पैदल ही समर्थकों के साथ आगे बढ़े।

शिंदे ने बाद में गाड़ियों के काफिले के साथ गेट नंबर तीन से राम जन्मभूमि परिसर में प्रवेश किया। यहां पहुंचने पर सबसे पहले उन्होंने रामलला के दरबार में हाजिरी लगाई।

हनुमानगढ़ी पर शिवसैनिकों में जबरदस्त उत्साह दिख रहा है। यहां बड़ी संख्या में शिवसैनिक महाराष्ट्रीयन भाषा में बज रहे गानों पर जमकर थिरक रहे हैं। और अपने नेता शिंदे की जय जय कार कर रहे हैं।

एलईडी टीवी के जरिए शिवसेना की उपलब्धियों को प्रसारित किया जा रहा है। शिवसैनिकों में उत्साह और जोश देखा जा रहा है। श्रीराम के नारों से स्थान गूंज रहा है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *