प्रदेश की सड़कों का 15 अक्टूबर के बाद मुख्यमंत्री स्वयं करेंगे निरीक्षण










Listen to this article

न्यूज 127, देहरादून।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सचिवालय में जनहित से जुड़े विषयों की समीक्षा करते हुए प्रदेश की सभी सड़कों को जल्द गड्ढामुक्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने मानसून से क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत में तेजी और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को कहा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि 15 अक्टूबर के बाद वे कभी भी सड़क मार्ग से यात्रा कर सड़कों का औचक निरीक्षण करेंगे।

चारधाम यात्रा की समीक्षा करते हुए उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा यातायात, स्वास्थ्य, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने ‘जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार’ अभियान के तीसरे चरण को प्रभावी बनाने तथा शिविरों में जनसमस्याओं का मौके पर समाधान सुनिश्चित करने को कहा। ‘सेवा संकल्प अभियान’ में व्यापक जनभागीदारी पर भी जोर दिया।

स्वाइन फ्लू समेत संक्रामक एवं जलजनित रोगों की रोकथाम के लिए अस्पतालों में दवाओं और चिकित्सा सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई की नियमित निगरानी के निर्देश दिए। बैठक में डीजीपी दीपम सेठ सहित वरिष्ठ अधिकारी और जिलाधिकारी वर्चुअल माध्यम से मौजूद रहे।