योगेश शर्मा.
पुलिस ने एक महिला की हत्या की गुत्थी को सुलझा लिया है। महिला की हत्या किसी और ने नहीं उसके ही पति ने की थी। महिला शराब पीने की आदी थी और शराब के लिए गैर मर्द से संबंध बना लेती थी, जिसका उसका पति विरोध करता था।
जींद के जुलाना क्षेत्र में 22 नवंबर को एक ईंट भट्टे पर काम करने वाली महिला का शव खेल स्टेडियम के पास झाड़ियों में मिला था। उसके मुंह और नाक पर चोट के निशान थे। पुलिस अज्ञात के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर जांच कर रही थी।
पुलिस ने बाद में महिला की शिनाख्त बिहार निवासी के रूप में की थी। शव के पास पति नशे की हालत में पड़ा मिला था। मामले की जांच करते हुए पुलिस ने महिला की हत्या के आरोप में उसके पति को गिरफ्तार किया है।
पुलिस पूछताछ में उसने हत्या करने का कारण पत्नी का किसी के साथ अवैध संबंध होना बताया। उसने बताया कि घटना के दिन वह दोनों साथ बैठकर शराब पी रहे थे। उसने अपनी पत्नी को किसी और से संबंध बनाने के लिए मना किया, इसी दौरान दोनों के बीच कहासुनी हो गई। उसने गुस्से में आकर अपनी पत्नी की पिटाई कर दी, जिससे उसकी मौत हो गई।