डीएवी पब्लिक स्कूल देहरादून में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया मातृ दिवस
न्यूज 127.
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में मातृ दिवस अत्यंत हर्ष और उल्लास के साथ मनाया गया। मातृ दिवस के उपलक्ष्य में विद्यालय प्रांगण को रंग-बिरंगी झालरों और गुब्बारों से सजाया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य मातृत्व के महान स्वरूप को सम्मान देना व मांँ और बच्चे के अगाध प्रेम व अटूट विश्वास को दर्शाना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय प्रांगण में वैदिक मंत्रोच्चारण व हवन के साथ हुआ। जिसमें कक्षा नर्सरी के विद्यार्थियों व उनकी माताओं ने संयुक्त रूप से आहुतियांँ दी।

कार्यक्रम के दौरान छात्रों ने गायन व कविता द्वारा अपनी माता का आभार व्यक्त किया। इस यज्ञ समारोह में भाग लेकर माताओं ने स्वयं को गौरवान्वित महसूस किया।

कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्या शालिनी समाधिया ने माताओं को संबोधित करते हुए कहा कि “मांँ और बच्चे का रिश्ता दुनिया का सबसे पवित्र व निश्छल संबंध होता है।”

उन्होंने कहा कि माता ही बालक की प्रथम गुरु होती है और हमें स्वयं ही अपने बच्चों में वैदिक संस्कारों का रोपण करना है। अपने बच्चों को आत्मविश्वासी व सत्यभाषी बनाने हेतु उन्हें वैदिक मंत्रोच्चारण अर्थ के साथ सिखाएंँ ताकि वह अपनी संस्कृति के मूल मर्म को जान सके। इस सब का हमारे छात्रों पर सकारात्मक प्रभाव देखने को मिलेगा।