जेल में बंदियों के दो गुट आपस में भिड़े, संघर्ष में एक बंदी की मौत




संजीव शर्मा

लॉकडाउन के बीच यूपी के बागपत जिले में जेल में बंद बंदियों के दो गुटों में संघर्ष की घटना सामने आयी है, जिसमें गंभीर रूप से घायल एक बंदी की इलाज के दौरान मौत हो गई जबकि एक अन्य बंदी गंभीर रूप से घायल है, उसका इलाज किया जा रहा है। जेल में संघर्ष के दौरान घायल एक बंदी की मौत से जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है। सूचना पर स्थानीय पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल में जुट गए हैं।
सूत्रों के अनुसार शनिवार दोपहर करीब 3 बजकर 20 मिनट पर जेल की बैरक संख्या 21 व 22 के बंदियों के बीच संघर्ष हुआ। बताया जा रहा है कि इन दोनों के बीच सुबह पहले कहासुनी हुई थी, जिस पर जेल अधिकारियों ने दोनों पक्षों को समझाबुझा कर शांत कर दिया था। सूत्रों के अनुसार जेल की बैरक संख्या 22 में अपने पिता और एक अन्य साथ बंद रिशीपाल का बैरक संख्या 21 में बंद बबलू और उसके साथियों के साथ दोपहर करीब 12 बजे कहासुनी हुई थी। बताया जा रहा है कि करीब सवा तीन बजे फिर से दोनों के बीच झगड़ा हुआ जिसमें बबलू ने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर रिशीपाल और उसके एक अन्य साथी को किसी नुकीली वस्तु से वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बागपत में भर्ती कराया गया जहां इलाज के दौरान उसकी शाम करीब पांच बजे गंभीर रूप से घायल रिशीपाल की मौत हो गई। इस घटना के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मचा है। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर जांच पड़ताल शुरू कर दी है। शव को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।



Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *