नवीन चौहान
उत्तर प्रदेश की योगी सरकार ने लॉकडाउन में दूसरे प्रदेश में फंसे मजदूरों को लेकर बड़ा फैसला लिया है। योगी सरकार ने तय किया है कि दूसरे राज्यों में क्वारंटाइन की अवधि पूरी कर चुके अपने मजदूरों को वह वापस लाएगी। दूसरे राज्यों से वापस लाने के बाद उन्हें यहां भी 14 दिन के क्वारेंटाइन में रखा जाएगा। जांच के बाद स्वस्थ होने पर उनके घरों को भेजा जाएगा। इस दौरान हर मजदूर को मुफ्ता राशन और एक हजार रूपये भी दिये जाएंगे।
मुख्यमंत्री ने लखनऊ में अधिकारियों के साथ बैठक करते हुए इस संबंध में दिशा निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि हम अन्य राज्यों में 14 दिन का क्वारंटाइन पूरा कर चुके अपने प्रदेश के श्रमिकों को चरणबद्ध तरीके से वापस लाएंगे। इसके लिए एक कार्ययोजना जल्दी तैयार की जाए। ऐसे लोगों की सूची बनायी जाए ताकि उनकी स्क्रीनिंग व टेस्टिंग कराते हुए संबंधित राज्य सरकार को इन्हें वापस भेजने की प्रक्रिया प्रारंभ की जा सके। प्रदेश की सीमा तक संबंधित राज्य सरकार द्वारा इन्हें लाए जाने के बाद ऐसे लोगों को बस के द्वारा इनके जिले में भेजा जाएगा। वहां 14 दिन क्वारंटाइन करने के लिए पूरी व्यवस्था समय से सुनिश्चित कर ली जाए। इसके लिए शेल्टर होम या आश्रय स्थल को खाली कर सैनिटाइज किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इन लोगों के लिए भोजन की व्यवस्था भी की जाएगी।