न्यूज 127, अल्मोड़ा
पीएम श्री अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज अल्मोड़ा में विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक और खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय के आधारभूत ढांचे को मजबूत किया जाएगा। जिलाधिकारी अंशुल सिंह ने शुक्रवार को विद्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर खेल मैदान के विकास, आधुनिक पुस्तकालय की स्थापना और परिसर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने विद्यालय के स्वामित्व वाली समस्त भूमि की पैमाइश और सीमांकन कराने को कहा। उन्होंने खेल मैदान का जायजा लेते हुए इसे व्यवस्थित और विकसित करने के लिए विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि विद्यार्थियों को खेलकूद के लिए बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
जिलाधिकारी ने विद्यालय परिसर में स्थित पुराने और जर्जर छात्रावास भवन का भी निरीक्षण किया। उन्होंने भवन का आवश्यक जीर्णोद्धार कर उसे आधुनिक एवं सुविधासंपन्न पुस्तकालय के रूप में विकसित करने को कहा। इससे विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण और उपयोगी पुस्तकों की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
उन्होंने विद्यालय परिसर में पुराने और अनुपयोगी शौचालयों को तत्काल ध्वस्त करने के निर्देश देते हुए स्वच्छता, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं को व्यवस्थित रखने पर जोर दिया। इसके अलावा स्मार्ट क्लास का निरीक्षण कर डिजिटल शिक्षण व्यवस्था की जानकारी ली। उन्होंने कक्षाओं में उपलब्ध फर्नीचर और अन्य शैक्षणिक सुविधाओं का भी जायजा लिया।
डीएम ने पिछले भ्रमण के दौरान दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा करते हुए शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने को कहा। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर खेल सुविधाएं और अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
निरीक्षण के दौरान दर्जा राज्यमंत्री कुंदन सिंह लटवाल, उपजिलाधिकारी संजय कुमार, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता हर्षित गुप्ता, खंड शिक्षा अधिकारी हरीश रौतेला, दशहरा समिति के पदाधिकारी अजीत सिंह कार्की एवं वैभव पांडे सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।


