न्यूज 127.
भारतीय महिला हॉकी टीम की सदस्य मनीषा चौहान एशियाई चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद गुरूवार को अपने गांव श्यामपुर कांगड़ी पहुंची। यहां पहुंचने पर खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने उसका जोरदार स्वागत किया। ढोल नगाड़े के साथ फूल माला से स्वागत किया गया।
भारतीय टीम में चयनित हुई मनीषा की प्रारंभिक शिक्षा श्यामपुर के श्रीराम स्कूल में हुई। उन्होंने एसएमजेएन कालेज से स्नातक किया। स्कूली समय से ही हाकी खेल रही मनीषा का पिछले वर्ष ही भारतीय टीम में चयन हुआ था। क्रिकेटर ऋषभ पंत व वंदना कटारिया के बाद मनीषा चौहान हरिद्वार से खेलजगत का तीसरा सितारा है। इस दौरान पिता ज्ञान सिंह चौहान और माता वीणा देवी ने बेटी को आशीर्वाद दिया। गांव की बेटियों में भी स्वागत के दौरान काफी उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर मनीषा चौहान ने कहा कि देश का ग्रामीण क्षेत्र खेल प्रतिभाओं से भरा पड़ा है जरुरत केवल उन्हें पहचानने और निखारने की है।