मुख्यमंत्री धामी ने दी सौगात, प्रेस क्लब के लिए भूमि और सिमली अस्पताल के मुद्दे पर जल्द बनेगी कमेटी




Listen to this article

न्यूज 127, गौचर (चमोली)।
74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के शुभारंभ अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नागरिकों की मांगों पर सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने सिमली अस्पताल से जुड़े विषय के समाधान के लिए शीघ्र कमेटी गठित करने की बात कही। साथ ही प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चयनित करने का आग्रह किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सिमली अस्पताल से संबंधित विषय पर सभी पक्षों को सुनकर समाधान की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। इसके लिए जल्द कमेटी गठित कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। अस्पताल से जुड़े विषय पर सरकार गंभीरता से विचार करेगी।

वहीं, क्षेत्र में प्रेस क्लब भवन निर्माण की मांग पर मुख्यमंत्री ने सकारात्मक आश्वासन देते हुए स्थानीय स्तर पर उपयुक्त भूमि चिह्नित करने को कहा। उन्होंने कहा कि आवश्यक प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए भूमि चयन महत्वपूर्ण है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि चमोली जैसे सीमांत जनपद का सर्वांगीण विकास राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। दूरस्थ क्षेत्रों में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। सरकार का प्रयास है कि सीमांत क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उनके आसपास ही उपलब्ध हों।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में सीमांत गांवों को देश के अंतिम गांव के बजाय प्रथम गांव के रूप में विकसित करने का काम किया जा रहा है। चारधाम सड़क परियोजना से बदरीनाथ धाम तक आवागमन बेहतर हो रहा है, जबकि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना पूरी होने पर पूरे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।