मुख्यमंत्री पुष्कर धामी ने 37 करोड़ की योजनाओं का किया लोकार्पण




Listen to this article

न्यूज 127, गौचर (चमोली)
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 74वें राजकीय औद्योगिक विकास एवं सांस्कृतिक गौचर मेले के शुभारंभ अवसर पर चमोली जनपद को पेयजल सुविधाओं की बड़ी सौगात दी। उन्होंने गौचर और गैरसैंण नगरीय पेयजल व्यवस्था के सुदृढ़ीकरण से जुड़ी दो महत्वपूर्ण योजनाओं का लोकार्पण किया। इन योजनाओं पर कुल 36 करोड़ 99 लाख रुपये से अधिक की धनराशि खर्च की गई है।

अमृत-2.0 योजना के तहत विधानसभा क्षेत्र कर्णप्रयाग के विकासखंड कर्णप्रयाग में 32.45 करोड़ रुपये की स्वीकृत लागत से गौचर नगरीय पेयजल योजना का निर्माण किया गया है। वहीं, मुख्यमंत्री घोषणा के तहत विकासखंड गैरसैंण में 4 करोड़ 59 लाख 32 हजार रुपये की लागत से गैरसैंण नगरीय पेयजल योजना के सुदृढ़ीकरण एवं मरम्मत कार्य पूरे किए गए हैं।

इन योजनाओं के शुरू होने से दोनों क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को मजबूती मिलेगी और स्थानीय नागरिकों को बेहतर सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार दूरस्थ और सीमांत क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं का विस्तार करने के लिए प्रतिबद्ध है।

दो विभूतियों को स्मृति सम्मान
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने पत्रकारिता एवं साहित्य के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए वरिष्ठ पत्रकार ललित प्रसाद लखेड़ा, ग्राम बमोथ, चमोली को ‘गोविन्द प्रसाद नौटियाल स्मृति सम्मान-2026’ प्रदान किया। वहीं, वरिष्ठ लेखक एवं प्रकाशक कीर्ति नवानी, बिनसर पब्लिकेशन, देहरादून को ‘पंडित महेशानन्द नौटियाल शिक्षा एवं साहित्य प्रसार सम्मान-2026’ से सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री ने दोनों सम्मानित व्यक्तित्वों को बधाई देते हुए पत्रकारिता, साहित्य और शिक्षा के क्षेत्र में उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि समाज को दिशा देने में साहित्य और पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है।

कार्यक्रम में प्रभारी मंत्री भरत सिंह चौधरी, विधायक भूपाल राम टम्टा, विधायक अनिल नौटियाल, जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी, पत्रकार और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।