न्यूज 127, हरिद्वार।
चंपावत जिले में नाबालिग लड़की से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले को लेकर प्रदेशभर में राजनीतिक माहौल गरमा गया है। इसी क्रम में हरिद्वार के शिवालिक नगर चौक पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार का पुतला भी फूंका।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबीर चौहान के नेतृत्व में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा को लेकर सरकार पूरी तरह विफल साबित हो रही है। वहीं दूसरी ओर प्रदर्शन को देखते हुए मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। वरिष्ठ कांग्रेस नेता राजबीर चौहान ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लग सके। वहीं कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष मोहन राना और वरिष्ठ नेता मनोज धनगर ने भी सरकार पर कानून व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े किए और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की।
चंपावत प्रकरण को लेकर कांग्रेस में गुस्सा, कांग्रेसियों ने फूंका प्रदेश सरकार का पुतला




