- तीन दिवसीय क्षमता संवर्धन के दूसरे दिन भी अनेक गतिविधियों का किया गया आयोजन
न्यूज 127, देहरादून।
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में तीन दिवसीय क्षमता संवर्धन कार्यशाला के दूसरे दिन भी विषयानुसार अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया। डीएवी सीएमसी के अध्यक्ष पद्मश्री डाॅ0 पूनम सूरी जी, डीएवी सीएससी की शैक्षणिक अध्यक्षा निशा पेशिन जी एवं देहरादून के क्षेत्रीय क्लस्टर अध्यक्ष पीसी पुरोहित जी को इस प्रकार की क्षमता संवर्धन कार्यशाला के आयोजन जैसे विचार को सभी ओर प्रचारित एवं प्रसारित करने हेतु प्रधानाचार्या द्वारा धन्यवाद देते हुए इस कार्यशाला में प्रतिभाग करने आए सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का उत्साहवर्धन किया गया।

डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में विविध विषयक कार्यशालाओं में मुख्य रूप से प्राइमरी कक्षा की अध्यापिकाओं के लिए आयोजित कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षिका द्वारा बच्चों को खेल-खेल में आत्माभिव्यक्ति एवं सामाजिक सरोकारों के लिए तैयार करने पर आधारित गतिविधि सहित अन्यानेक गतिविधियाँ करवाई गईं। भौतिक विज्ञान विषय से संबंधित कार्यशाला में कुछ सामान्य प्रयोगों पर चर्चा करते हुए पुस्तकों के बाहर निकलकर दैनिक जीवन के विभिन्न क्रियाकलापों में भौतिक विज्ञान के सिद्धांतों ढूंढ़ने व जीवन से जोड़ने के गुर सिखाए गए।

संस्कृत विषय पर आधारित कार्यशाला में संस्कृत व्याकरण को विद्यार्थी के लिए रोचक बनाने हेतु अनेक गतिविधियों का आयोजन किया गया। शारीरिक शिक्षा की कार्यशाला में मास्टर ट्रेनर ने पेडागोजी तंबोला द्वारा प्रतिभागियों का ज्ञान संबंधित करते हुए उन्हें खेलकूद के दौरान खिलाड़ी के चोटिल हो जाने पर अपनाए जाने वाले उपचारों की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तरीय हिंदी कार्यशाला के दौरान ‘रिश्ते दिल से बनते हैं किस्मत से मिलते हैं और प्रेम से निभाए जाते हैं’ गतिविधि के माध्यम से विभिन्न विद्यालयों से आए शिक्षकों को सिखाया गया कि बच्चों में प्रेम व सहयोग के भाव किस प्रकार उत्पन्न किए जा सकते हैं।

माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक हिंदी कार्यशाला के दौरान ‘चित्र बोले, कविता डोले’ गतिविधि का आयोजन कर शिक्षकों को सिखाया गया कि किस प्रकार हम छात्रों में काव्य के प्रति प्रेम व उनमें किस प्रकार कल्पनात्मक व सृजनात्मक गुण उत्पन्न कर सकते हैं। इस प्रकार विभिन्न गतिविधियों का मनोरंजक तरीके से संचालन करते हुए तीन दिवसीय कार्यशाला के दूसरे दिन का सफलतापूर्वक समापन हुआ।




