न्यूज 127, हरिद्वार।
उत्तराखण्ड के जोन-ए एवं बी के समस्त डीएवी विद्यालयों में शिक्षण-प्रशिक्षण की गुणवत्ता को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से आयोजित तीन-दिवसीय शिक्षक कार्यशाला का बुधवार 24 जून को डीएवी सेंटेनरी पब्लिक स्कूल, जगजीतपुर, हरिद्वार में सफलतापूर्वक समापन हुआ। इस कार्यशाला में हरिद्वार, देहरादून, कोटद्वार, बाजपुर, रुद्रपुर, काशीपुर तथा हल्द्वानी सहित विभिन्न क्षेत्रों से आए लगभग 100 शिक्षकों ने प्रतिभाग किया। कार्यशाला के दौरान शिक्षकों ने अपने विषयगत ज्ञान एवं शिक्षण कौशल को और अधिक परिष्कृत किया।

प्रतिभागी शिक्षकों को अंग्रेजी, विज्ञान, कम्प्यूटर विज्ञान, जीवविज्ञान, रसायन विज्ञान सहित विभिन्न विषयों में डीएवी सेंटर फॉर एकेडमिक एक्सीलेंस के प्रशिक्षित मास्टर ट्रेनर्स द्वारा प्रशिक्षण प्रदान किया गया। विषयवार निर्धारित तीन-दिवसीय कार्यक्रम के अनुसार आयोजित इस कार्यशाला में शिक्षकों ने उत्साह, जिज्ञासा एवं सक्रिय सहभागिता के साथ भाग लिया। समापन अवसर पर सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए।

प्रधानाचार्य मनोज कुमार कपिल ने अपने संबोधन में प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल आयोजन हेतु अपने उच्चाधिकारियों के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने डीएवी संस्थान की प्रधान पद्मश्री डाॅ. पूनम सूरी जी का विशेष धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि उनके कुशल नेतृत्व एवं प्रेरणादायी मार्गदर्शन में डीएवी विद्यालय निरंतर प्रगति और उत्कृष्टता के नए आयाम स्थापित कर रहे हैं।

उन्होंने डायरेक्टर डॉ. निशा पेशिन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षकों को नवीन शिक्षण पद्धतियों से परिचित कराना, उनका मार्गदर्शन करना तथा उन्हें निरंतर प्रशिक्षित करना एक सतत प्रक्रिया है। इस दिशा में सभी डीएवी विद्यालयों को सुनियोजित एवं प्रभावी रूप से साथ लेकर चलने में उनकी विशिष्ट दक्षता सराहनीय है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने विद्यालय के निदेशक डॉ. वी. सिंह जी का भी निरंतर मार्गदर्शन एवं सहयोग प्रदान करने के लिए धन्यवाद व्यक्त किया साथ ही उन्होंने उत्तराखण्ड के प्रशिक्षण संयोजक पी.सी. पुरोहित जी का प्रशिक्षण कार्यक्रम के सफल संचालन एवं उनके बहुमूल्य सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
अपने संबोधन के अंत में उन्होंने उपस्थित सभी शिक्षकों को यह संकल्प दिलाया कि कार्यशाला के दौरान अर्जित ज्ञान, कौशल एवं नवीन शिक्षण तकनीकों का उपयोग वे अपने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु करेंगे। इससे विद्यार्थियों में विभिन्न विषयों के प्रति रुचि बढ़ेगी तथा वे सीखने के प्रति अधिक प्रेरित, उत्साहित और जिज्ञासु बनेंगे।
मास्टर ट्रेनर सोनिया त्यागी, सुषमा शर्मा, दीपिका तनेजा, शिखा भारद्वाज, सोनिया कपूर, दीपशिखा शर्मा, वरूण शर्मा, मनमोहन बिंजोला, अंशुल शर्मा, नवदीप कौर छाबड़ा, प्रीति पाण्डेय, इन्दु लोहानी, ऋचा शर्मा, सारिका रावत, प्रीति नेगी, रीना बिष्ट, संजय कुमार शर्मा, आशीष चढ्ढा, महेश चन्द रावत, आयुषी सिंह, हर्षिता पाण्डेय, विनिता मुंगली, गरिमा तिवारी, चेतना गहलोत, अर्पिता शोकर ने कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।




