देहरादून
डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून में 22 जून से 24 जून 2026 तक आयोजित तीन दिवसीय शिक्षक-प्रशिक्षण कार्यशाला का समापन आज अत्यंत उत्साह, ऊर्जा और गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। उत्तराखंड रीजन (यूएल ज़ोन-ए एवं बी) के अंतर्गत आने वाले विभिन्न डीएवी विद्यालयों से आए मुख्य प्रशिक्षणदाताओं ने अंतिम दिन भी विविध ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक गतिविधियों के माध्यम से प्रशिक्षु शिक्षक-शिक्षिकाओं की शिक्षण दक्षताओं को विकसित करने का सराहनीय प्रयास किया।

कार्यशाला के दौरान विभिन्न विषयों पर आधारित सत्रों का आयोजन किया गया। प्राइमरी कक्षाओं की कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षिका ने बच्चों में आत्म-अभिव्यक्ति और सामाजिक मूल्यों के विकास हेतु खेल-आधारित गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण के प्रभावी तरीके प्रस्तुत किए। भौतिक विज्ञान कार्यशाला में दैनिक जीवन से जुड़े उदाहरणों द्वारा विषय को सरल एवं रोचक बनाने के गुर सिखाए गए, जिससे शिक्षण को व्यवहारिक रूप से जोड़ने पर बल दिया गया।

संस्कृत कार्यशाला में व्याकरण को सहज और आकर्षक बनाने के लिए विविध गतिविधियाँ आयोजित की गईं। वहीं, शारीरिक शिक्षा सत्र में मास्टर ट्रेनर द्वारा “पेडागोजी तंबोला” के माध्यम से ज्ञानवर्धन करते हुए खेल के दौरान चोट लगने पर प्राथमिक उपचार की महत्वपूर्ण जानकारी प्रदान की गई।

हिंदी विषय की कार्यशालाओं में भी नवाचार देखने को मिला। प्राथमिक एवं उच्च प्राथमिक स्तर पर ‘रिश्ते दिल से बनते हैं…’ गतिविधि के माध्यम से शिक्षकों को विद्यार्थियों में प्रेम, सहयोग एवं मानवीय मूल्यों का विकास करने के उपाय बताए गए। माध्यमिक एवं उच्च माध्यमिक स्तर पर ‘चित्र बोले, कविता डोले’ गतिविधि के जरिए छात्रों में काव्य के प्रति रुचि, कल्पनाशीलता एवं सृजनात्मकता विकसित करने के प्रभावी तरीके सिखाए गए।

कार्यशाला के दौरान शब्द-आधारित खेल, क्रॉसवर्ड, नाटक, अभिनय, गीत, स्वयं करके सीखना तथा कविता-पाठ जैसी गतिविधियों के माध्यम से शिक्षण को अधिक प्रभावी, रोचक एवं आनंददायक बनाने पर विशेष जोर दिया गया।
इस कार्यशाला में विभिन्न विद्यालयों से आए प्रशिक्षकों ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्राइमरी कार्यशाला में डीएवी हरिद्वार से सुनैना वर्मा, कोमल चौधरी, डीएवी कोटद्वार से शिवांगी रावत, लता रावत तथा डीएवी देहरादून से नीना शर्मा, जगजीत कौर एवं पूजा नागलिया शामिल रहीं। हिंदी कार्यशाला में सीमा ठाकुर, अनीता रावत, स्नेहलता कुकरेती, बबीता चौहान, आकांक्षा राय एवं ज्योति रानी ने योगदान दिया। भौतिक विज्ञान में रोहित शर्मा एवं नवनीत कुमार गुप्ता, संस्कृत एवं नैतिक शिक्षा में नवनीत कुमार बलोदी एवं गिरीश जोशी, जबकि शारीरिक शिक्षा में अनुराधा रावत एवं अभिषेक नेगी ने प्रशिक्षुओं को मार्गदर्शन प्रदान किया।
कार्यशाला के सफल समापन पर सभी प्रतिभागी अध्यापकों को सक्रिय सहभागिता हेतु प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय की प्रधानाचार्या ने डीएवी सीएमसी के अध्यक्ष पद्मश्री डॉ. पूनम सूरी, डीएवी सीएससी की शैक्षणिक अध्यक्षा श्रीमती निशा पेशिन एवं क्षेत्रीय क्लस्टर अध्यक्ष पी.सी. पुरोहित के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने इस प्रकार की क्षमता संवर्धन पहल को शिक्षा क्षेत्र में अत्यंत महत्वपूर्ण बताया। साथ ही सभी उपस्थित शिक्षकों को धन्यवाद ज्ञापित किया गया।




