न्यूज 127,
युवती का अपने पति से विवाद था और जब वह शिकायत लेकर दरोगा जी के पास पहुंची तो दरोगा जी उसकी खूबसूरती को देखकर उस पर लट्टू हो गए। उन्होंने पीड़िता को मुकदमेबाजी के बजाय पुलिस की नौकरी पर फोकस करने को कहा। आरोप है कि दरोगा जी ने महिला को नौकरी का झांसा दिया और दोस्ती की आड़ में उसका यौन शोषण करते रहे। दरोगा जी ने यह तक वायदा किया कि पत्नी से तलाक के बाद उससे शादी करेगें, मगर सब कुछ लूट लेने के बाद दारोगा जी ने महिला से कन्नी काट ली।
यह मामला उत्तर प्रदेश के बरेली से सामने आया है। बरेली जिले के सिरौली थाने में तैनात एक उपनिरीक्षक (दरोगा) पर एक पीड़ित महिला ने शादी का झांसा देने, सीधे एसएसपी (SSP) से सेटिंग बताकर सरकारी नौकरी लगवाने का लालच देने और एक साल तक यौन शोषण करने का संगीन आरोप लगाया है। इतना ही नहीं, दरोगा पर महिला के करीब 8 लाख रुपये के सोने के जेवर भी ठगने का आरोप है।
इस मामले में बरेली के तेजतर्रार वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अनुराग आर्य ने त्वरित एक्शन लेते हुए आरोपी दरोगा को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। पीड़ित महिला बरेली के बारादरी क्षेत्र की रहने वाली है। मंगलवार को उसने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर दरोगा की काली करतूतों का कच्चा चिट्ठा खोल दिया। महिला ने एसएसपी को कुछ ऐसी तस्वीरें और वीडियो (साक्ष्य) सौंपे, जिसने पुलिस महकमे में हड़कंप मचा दिया। महिला ने बताया कि वह आरोपी दरोगा की ‘दूसरी पत्नी’ की तरह रह रही थी।




