पथ प्रवाह, देहरादून
स्कॉटलैंड के ग्लासगो में आयोजित राष्ट्रमंडल खेलों में देहरादून की मेधावी एवं परिश्रमी युवा जूडो खिलाड़ी उन्नति शर्मा ने महिला 63 किलोग्राम भार वर्ग में कांस्य पदक जीतकर न केवल देश, बल्कि देहरादून का नाम भी गौरवान्वित किया है। डीएवी पब्लिक स्कूल, देहरादून की पूर्व छात्रा उन्नति ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर अभ्यास के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है।
इससे पूर्व उन्नति 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। इसके अलावा वे राष्ट्रीय एवं अंतर्राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतियोगिताओं में अनेक पदक हासिल कर चुकी हैं।
उन्नति की यह उपलब्धि पूरे देश, उनके परिवार तथा विद्यालय के लिए अत्यंत गर्व का विषय है। विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती शालिनी समाधिया सहित समस्त शिक्षकगण एवं विद्यालय परिवार ने उनकी इस शानदार सफलता पर हर्ष व्यक्त करते हुए उन्हें हार्दिक बधाई दी तथा उनके उज्ज्वल खेल भविष्य के लिए शुभकामनाएँ भी दीं। विद्यालय परिवार ने विश्वास व्यक्त किया कि उन्नति आगे भी अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करती रहेंगी।




