News 127, हरिद्वार।
आईआईटी रुड़की के गोविंद भवन हॉस्टल में एक छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। शुक्रवार देर रात छात्र का शव उसके हॉस्टल के कमरे में फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही रुड़की पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, 13 नवंबर की देर रात आईआईटी रुड़की के सुरक्षा अधिकारी कुलदीप सिंह नेगी ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी थी कि गोविंद भवन के एक छात्र ने आत्महत्या कर ली है। सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट और पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची।
हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर स्थित कमरा नंबर बीएस-10 अंदर से बंद था। काफी प्रयास के बाद भी जब दरवाजा नहीं खुला, तो सुरक्षा गार्डों की मदद से उसे खुलवाया गया। पुलिस ने पूरी कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई। कमरे के भीतर छात्र मृत अवस्था में मिला।
मृतक की पहचान 20 वर्षीय आयुष रजौरिया पुत्र शैलेश रजौरिया (निवासी बांके बिहारी शरणम, राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद, उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। मौके पर पहुंचे आईआईटी अस्पताल के चिकित्सक डॉ. मयंक शर्मा ने परीक्षण के बाद बताया कि मौत लगभग पांच से छह घंटे पहले हुई होगी।
सूचना मिलने पर क्षेत्राधिकारी भगवानपुर सुमित पांडेय भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने छात्र के लैपटॉप को पासवर्ड के जरिए खोलकर आवश्यक जानकारी जुटाई। साथ ही, फील्ड यूनिट को बुलाकर घटनास्थल से साक्ष्य एकत्रित किए गए।
पुलिस ने शव को सिविल अस्पताल रुड़की भिजवा दिया है और परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। परिजनों के आने के बाद पंचायतनामा और आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस फिलहाल हर पहलू से मामले की जांच कर रही है।


