औचक निरीक्षण में खुली सरकारी दफ्तरों की पोल, गंदगी और अव्यवस्था पर डीएम खण्डेलवाल सख्त








Listen to this article

पथ प्रवाह, टिहरी गढ़वाल
सरकारी कार्यालयों की व्यवस्थाओं और कार्यप्रणाली की वास्तविक स्थिति परखने के लिए जिलाधिकारी नितिका खण्डेलवाल ने मंगलवार को स्वास्थ्य, श्रम, पूर्ति, उत्तराखंड वन विकास निगम, सिंचाई समेत विभिन्न विभागीय कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों में साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव, भवन की स्थिति और मूलभूत सुविधाओं में खामियां सामने आईं। अव्यवस्थाओं पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए तत्काल सुधार सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए।

औषधि भंडार में हर अलमारी पर लगेगी सामग्री की सूची

स्वास्थ्य विभाग के निरीक्षण के दौरान डीएम ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी राम प्रकाश से विभागीय व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने औषधि भंडार का निरीक्षण कर दवाओं और अन्य सामग्री के रख-रखाव की स्थिति देखी। जी-20 से संबंधित लंबित भंडार को व्यवस्थित करने तथा प्रत्येक अलमारी में रखी सामग्री की सूची चस्पा करने के निर्देश दिए, ताकि जरूरत पड़ने पर सामग्री की आसानी से पहचान की जा सके।

वन विकास निगम में लटकते तार और अंधेरे पर जताई नाराजगी

उत्तराखंड वन विकास निगम कार्यालय में डीएम ने कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका जांची। उन्होंने चौकीदार के दोनों पदों के लिए ड्यूटी का समय निर्धारित करने के निर्देश दिए। कार्यालय भवन में लटक रहे विद्युत तारों और अंधेरे वाले स्थानों को तत्काल दुरुस्त करने के साथ ही पेयजल एवं पंखों की व्यवस्था बेहतर करने को कहा।

पूर्ति कार्यालय में राशन कार्ड और रिकॉर्ड की पड़ताल

पूर्ति विभाग में जिलाधिकारी ने जिला पूर्ति अधिकारी सुनील बडोनी से विभागीय कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने राशन कार्ड से संबंधित कार्यों, कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका तथा विभिन्न पत्रावलियों का निरीक्षण किया। भवन निर्माण से संबंधित औचित्य प्रमाण पत्र और अन्य अभिलेखों की भी जांच की गई। डीएम ने सभी अलमारियों में रखे रिकॉर्ड की सूची चस्पा करने तथा अभिलेखों को व्यवस्थित रखने के निर्देश दिए।

सिंचाई कार्यालय में सीलन और पानी टपकने की समस्या

सिंचाई खंड प्रथम के निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता विजय पाल ने कार्यालय भवन में सीलन और पानी टपकने की समस्या से डीएम को अवगत कराया। जिलाधिकारी ने समस्या का तत्काल समाधान कराने के निर्देश दिए। साथ ही अभिलेखों को व्यवस्थित रखने, अलमारियों में रिकॉर्ड की सूची लगाने और कार्यालय परिसर में पड़ी गंदगी को तत्काल हटाने को कहा।

श्रम विभाग में दो होमगार्ड तैनात करने के निर्देश

श्रम विभाग के निरीक्षण में कार्यालय की सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए दो होमगार्ड जवान तैनात करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा कार्यालय में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

लापरवाही बर्दाश्त नहीं, नियमित सफाई के निर्देश

औचक निरीक्षण के दौरान कई कार्यालयों एवं परिसरों में साफ-सफाई की स्थिति खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकारी कार्यालयों में नियमित रूप से साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए और व्यवस्थाओं में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

डीएम नितिका ने कहा कि सरकारी कार्यालय आम जनता के लिए महत्वपूर्ण सेवा केंद्र हैं। यहां आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को स्वच्छ, व्यवस्थित और सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों को कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति सुनिश्चित करने, अभिलेखों का सुव्यवस्थित रख-रखाव करने तथा विद्युत, पेयजल, प्रकाश और भवन से जुड़ी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने के निर्देश दिए।