न्यूज 127, नई दिल्ली।
उत्तराखंड में सड़क कनेक्टिविटी को मजबूत करने और आधारभूत ढांचे के विस्तार की दिशा में केंद्र सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। केंद्रीय सड़क एवं अवसंरचना निधि (CRIF) के तहत प्रदेश में 235.42 किलोमीटर लंबाई की 9 सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण के लिए ₹297.37 करोड़ की स्वीकृति प्रदान की गई है।
हरिद्वार सांसद एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी एवं केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी जी का हार्दिक आभार व्यक्त किया।
श्री रावत ने कहा कि उत्तराखंड जैसे पर्वतीय राज्य में सड़कें केवल आवागमन का माध्यम नहीं, बल्कि विकास, पर्यटन, रोजगार, व्यापार और ग्रामीण अर्थव्यवस्था की जीवनरेखा हैं। इन सड़कों के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण से प्रदेश में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा तथा दूरस्थ क्षेत्रों को बेहतर कनेक्टिविटी मिलेगी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार उत्तराखंड के विकास को निरंतर प्राथमिकता दे रही है। सड़क, रेल और अन्य आधारभूत परियोजनाओं के माध्यम से देवभूमि को आधुनिक एवं मजबूत कनेक्टिविटी से जोड़ने का कार्य तेज गति से आगे बढ़ रहा है।
श्री रावत ने कहा, “यह स्वीकृति उत्तराखंड के विकास को नई रफ्तार देने वाली है। मजबूत सड़क नेटवर्क से न केवल आवागमन सुगम होगा, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था, पर्यटन और रोजगार के नए अवसरों को भी गति मिलेगी।”


